हमीरपुर/सरीला। जनपद हमीरपुर के विकासखंड सरीला अंतर्गत ब्लॉक प्रमुख सरीला चंद्रिका जीतू राजपूत को राजनीति के क्षेत्र में अमर उजाला एक्सीलेंस अवॉर्ड 2025 से सम्मानित किए जाने पर क्षेत्र में हर्ष और खुशी का माहौल है। यह सम्मान उन्हें अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट जनसेवा, विकास कार्यों और प्रभावी नेतृत्व के लिए प्रदान किया गया है।
लखनऊ में आयोजित समारोह में विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली संस्थाओं एवं व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कृषि, स्वास्थ्य, बागवानी, व्यवसाय सहित अन्य क्षेत्रों से जुड़े लगभग 20 प्रतिभागियों को एक्सीलेंस अवॉर्ड प्रदान किया गया। खास बात यह रही कि राजनीति के क्षेत्र में मात्र तीन लोगों को ही यह प्रतिष्ठित सम्मान मिला, जिनमें ब्लॉक प्रमुख चंद्रिका जीतू राजपूत का नाम शामिल रहा।
अवार्ड की घोषणा होते ही जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों ने ब्लॉक प्रमुख को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। लोगों का कहना है कि चंद्रिका जीतू राजपूत ने विकासखंड सरीला में सड़क, पेयजल, स्वच्छता, ग्रामीण विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में सराहनीय कार्य किया है, जिसका यह सम्मान प्रमाण है।
वहीं सम्मान प्राप्त करने के बाद ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि जीतू राजपूत ने कहा कि यह अवॉर्ड पूरे सरीला क्षेत्र की जनता के विश्वास और सहयोग का परिणाम है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी वे जनसेवा और विकास कार्यों को पूरी निष्ठा के साथ आगे बढ़ाते रहेंगे।
