हमीरपुर/सरीला। तहसील सरीला क्षेत्र अंतर्गत सहकारी समिति वरगवां के वितरण स्थल मंडी ममना में आधार कार्ड धारक किसानों को यूरिया खाद की बोरी न मिलने पर शनिवार को किसानों ने हंगामा किया। सूचना पर तहसीलदार सरीला राममोहन मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभालते हुए तत्काल खाद वितरण की व्यवस्था कराई।
तहसीलदार के निर्देश पर सहकारी समिति वरगवां के सभी खाता धारक एवं आधार कार्ड धारक किसानों को एक-एक करके यूरिया खाद की बोरी उपलब्ध कराई गई। इस दौरान सहकारी समिति द्वारा बरगवां, मनकहरी, छिबौली, पचखुरा, जरिया व टीला गांवों के किसानों को कुल 500 बोरी यूरिया खाद वितरित की गई।
तहसीलदार ने समिति के सचिव महेश कुमार को सख्त निर्देश दिए कि खाद वितरण प्रत्येक दशा में टोकन प्रणाली के अनुसार और निर्धारित समय से ही प्रारंभ कराया जाए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। खाद मिलने पर किसान संतुष्ट और प्रसन्न नजर आए। मौके पर लेखपाल राहुल कुमार भी उपस्थित रहे। प्रशासनिक हस्तक्षेप से स्थिति सामान्य होने के बाद किसानों ने राहत की सांस ली।
