संवाददाता हमीरपुर/राठ। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के संगठनात्मक विस्तार के क्रम में चित्रकूट मंडल का गठन किया गया है। इस दौरान जनपद हमीरपुर के राठ नगर निवासी तथा सीमेंट एवं सरिया एसोसिएशन से जुड़े वरिष्ठ व्यापारी राजेंद्र सोनी को चित्रकूट मंडल का मंडल उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया है। इस संबंध में जानकारी देते हुए उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल जिला हमीरपुर के जिलाध्यक्ष के. जी. अग्रवाल ने बताया कि व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष पंडित मुकुंद मिश्रा द्वारा चित्रकूट मंडल की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया है। इसमें संगठन के प्रति सक्रिय भूमिका निभाने वाले राजेंद्र सोनी को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं व्यापार मंडल के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रदीप गुप्ता ने बताया कि जिलाध्यक्ष के. जी. अग्रवाल की संस्तुति पर प्रदेश अध्यक्ष पंडित मुकुंद मिश्रा ने राजेंद्र सोनी को यह दायित्व सौंपा है। उन्होंने कहा कि राजेंद्र सोनी लंबे समय से व्यापारिक हितों के लिए कार्य करते आ रहे हैं और संगठन को मजबूती प्रदान करने में उनकी अहम भूमिका रही है। राजेंद्र सोनी की नियुक्ति की घोषणा जिलाध्यक्ष के. जी. अग्रवाल द्वारा उनके आवास पर आयोजित एक बैठक के दौरान की गई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे। सभी व्यापारियों ने राजेंद्र सोनी को फूल-मालाएं पहनाकर एवं मिठाई खिलाकर बधाई दी और उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।
नव मनोनीत मंडल उपाध्यक्ष राजेंद्र सोनी ने संगठन के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जो जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गई है। उसका वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करेंगे तथा व्यापारियों की समस्याओं को संगठन के माध्यम से शासन-प्रशासन तक प्रभावी रूप से पहुंचाने का कार्य करेंगे।
