हमीरपुर। किसानों को रबी सीजन में समय पर गुणवत्तायुक्त उर्वरक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से तहसीलदार सरीला राम मोहन ने कस्बा सरीला एवं गोहांड क्षेत्र में खाद की दुकानों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सरीला कस्बे की दो खाद दुकानों पर यूरिया का स्टॉक उपलब्ध नहीं पाया गया। वहीं गोहांड की एक खाद दुकान पर यूरिया खाद मौजूद मिली। मौके पर उपस्थित किसानों से तहसीलदार ने वार्ता की और उनकी समस्याएं सुनी।
तहसीलदार ने मौके पर कुछ देर रुककर अपनी उपस्थिति में किसानों को निर्धारित सरकारी दर पर यूरिया खाद उपलब्ध कराई। इस दौरान कुल 55 बोरी यूरिया किसानों को वितरित की गई। उन्होंने दुकानदार कुलदीप को सख्त निर्देश दिए कि किसी भी परिस्थिति में किसानों को ओवररेट पर खाद न बेची जाए। निरीक्षण के समय उपस्थित किसी भी किसान द्वारा ओवररेट की कोई शिकायत नहीं की गई। प्रशासन की इस कार्रवाई से किसान संतुष्ट दिखाई दिए।
