जीआईसी सरीला के विद्यार्थियों का डेयरी शिक्षा हेतु शैक्षिक भ्रमण

हमीरपुर। शासन द्वारा संचालित व्यवसायिक शिक्षा योजना के अंतर्गत राजकीय इंटर कॉलेज सरीला में अध्ययनरत एग्रीकल्चर ट्रेड के डेयरी विषय के विद्यार्थियों को राजकीय पशु चिकित्सालय सरीला का शैक्षिक भ्रमण कराया गया। इस भ्रमण में कक्षा 9 एवं 10 के छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की।
भ्रमण के दौरान पशु चिकित्साधिकारी डॉ. शशिकांत दीक्षित ने विद्यार्थियों को पशुओं में होने वाले सामान्य रोगों, उनके उपचार, टीकाकरण तथा ठंड के मौसम में पशुओं की देखभाल और बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी। विद्यार्थियों ने पशु चिकित्सा से जुड़ी व्यवहारिक जानकारियों को प्रत्यक्ष रूप से समझा, जिससे उनमें डेयरी एवं कृषि क्षेत्र के प्रति रुचि बढ़ी।

कार्यक्रम का आयोजन स्किल ट्री कंसल्टिंग लिमिटेड के राज्य समन्वयक कासान अहमद के निर्देशन में किया गया। शैक्षिक भ्रमण दल का नेतृत्व विद्यालय के कार्यवाहक प्रधानाचार्य जय कुमार सिंह ने किया। इस अवसर पर कृषि विज्ञान प्रशिक्षक शरद कुमार, ऑटोमोबाइल प्रशिक्षक अनमोल, वरिष्ठ शिक्षक परमात्मादीन साहू सहित शिक्षक राहुल, कांती, सुखवती एवं अन्य स्टाफ मौजूद रहा। विद्यालय प्रशासन ने इसे विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक एवं उपयोगी अनुभव बताते हुए भविष्य में भी ऐसे शैक्षिक भ्रमण आयोजित किए जाने की बात कही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *