हमीरपुर। तहसील सरीला में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम के उपरांत चित्रकूट धाम मंडल के कमिश्नर अजीत कुमार ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सरीला का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जन औषधि केंद्र बंद मिलने पर कमिश्नर ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई।
कमिश्नर ने निर्देश दिए कि जन औषधि केंद्र को तत्काल खोला जाए, अस्पताल में एक्स-रे मशीन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा गर्भवती महिलाओं की नियमित जांच, बच्चों के टीकाकरण, साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था, पर्याप्त दवाइयों की उपलब्धता सहित सभी मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मरीजों को अनावश्यक रूप से रेफर किए जाने पर संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान तहसीलदार सरीला एवं सीएचसी अधीक्षक सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। कमिश्नर ने अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार लाकर आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
