संपूर्ण समाधान दिवस में मंडलायुक्त व डीआईजी ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं

 

हमीरपुर। शनिवार को तहसील सभागार सरीला में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में मंडलायुक्त चित्रकूट धाम अजीत कुमार एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) ने जनसुनवाई कर फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान कुल 22 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 4 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
जनसुनवाई में जिटकरी निवासी गोधन ने बालू खदान 25/25 से निकलने वाले ट्रकों को उसकी भूमि से होकर निकाले जाने की शिकायत की। जमखुरी निवासी राजा ने आवास उपलब्ध कराए जाने की मांग रखी। भैंसाय निवासी संगीता ने पुलिस द्वारा दबंगों को उकसाकर प्रताड़ित कराए जाने की शिकायत की, जबकि सरीला निवासी कमलेश अग्रवाल ने अधिक विद्युत बिल और विद्युत लोड से संबंधित समस्या रखी। मंडलायुक्त ने सभी शिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
पत्रकारों से बातचीत में मंडलायुक्त अजीत कुमार ने कहा कि सरकार और मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, विद्युत, लोक निर्माण विभाग सहित सभी विभागों के अधिकारियों को जनसमस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। साथ ही गौशालाओं में सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने, ठंड के मौसम में अलाव जलवाने तथा रैन बसेरों में आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी अरुण कुमार, उपजिलाधिकारी बलराम गुप्ता, तहसीलदार राममोहन, क्षेत्राधिकारी शाहरुख खान खंड विकास अधिकारी विपिन कुमार सहित तहसील स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में फरियादी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *