हमीरपुर/कुरारा। कुरारा क्षेत्र में डीएपी खाद के बाद यूरिया खाद की किल्लत होने से किसान परेशान घूम रहे हैं। वहीं हार थक कर पड़ोसी जनपद से महंगे दामों में खाद खरीद कर किसान अपनी फसलों में डाल रहे हैं।
क्षेत्र में संचालित आधा दर्जन साघन सहकारी समितियों में यूरिया खाद आने पर खातेदार किसानों को ही खाद वितरित की जाती है। जिससे छोटे किसानों को खाद नहीं मिल पाती है। वहीं परेशान होकर प्राइवेट डीलरों के यहां से खाद लेने के लिए गणेश परिक्रमा लगाते हैं। भैंसापाली गांव के किसान फतेह सिंह ने बताया कि साघन सहकारी समिति कुरारा में यूरिया खाद आने की सूचना मिलते ही खाद लेने पहुंचा तो वहां केवल खाता धारकों को ही खाद वितरित की जा रही थी। कस्बा में संचालित प्राइवेट दुकानों मे खाद नदारत होने से जनपद जालौन के कस्बा कदौरा व बागी, उदनपुर गांव से खाद लेकर अपनी गेहूं की फसल में छिड़काव करेंगे। पाली गांव के किसान अरविंद कुशवाहा ने बताया कि पीसीएफ का नगद बिक्री केंद्र में खाद न आने से कस्बा के प्राइवेट डीलरों के यहां से खाद लेने गया तो खाद नहीं मिली। जिससे मजबूरन पड़ोसी जनपद के बागी गांव से पांच बोरी यूरिया खाद लानी पड़ी। वहीं ज्यादातर किसान मूसानगर व जनपद जालौन के कदौरा उदनपुर बागी गांव से खाद लाकर अपने खेतों की फ़सल में डाल रहे हैं। वहीं जब इस बावत में पीसीएफ केंद्र प्रभारी जितेंद्र कुशवाहा से बात की तो उन्होंने बताया कि डिमांड लगा दी गई है खाद आने पर किसानों को वितरित की जाएगी।
