हमीरपुर/सरीला। राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत मंगलवार को क़स्बा सरीला स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जन जागरूकता मानसिक स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। जिसका उद्देश्य मानसिक स्वास्थ्य के प्रति लोगों को जागरूक करना तथा मानसिक रोगों की समय पर पहचान एवं उपचार सुनिश्चित करना रहा।
शिविर में मनोचिकित्सक डॉ मानसी, नीता सिंह ने मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं जैसे चिंता, अवसाद, नींद न आना, चिड़चिड़ापन, बार-बार नकारात्मक विचार आना एवं आत्महत्या जैसे विचारों के लक्षणों के बारे में जानकारी दी। चिकित्सकों ने बताया कि ऐसे लक्षण दिखाई देने पर बिना किसी देरी के नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या मनोचिकित्सा विभाग में संपर्क करना चाहिए। इस मौके पर 135 ओपीडी पंजीकरण हुए जिसमें 32 मानसिक रोगियों का उपचार किया गया। कार्यक्रम के दौरान मानसिक स्वास्थ्य, किरन व नशा मुक्ति हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई, ताकि जरूरतमंद व्यक्ति तत्काल परामर्श प्राप्त कर सकें। जिला पुरुष चिकित्सालय हमीरपुर के मानसिक रोग विभाग, प्रथम तल में प्रत्येक सोमवार, बुधवार एवं शुक्रवार को प्रातः 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक मानसिक रोगों से संबंधित नि:शुल्क परामर्श एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध है।
इस दौरान उपजिलाधिकारी सरीला बलराम गुप्ता, नायाब तहसीलदार अखिलेश कुमार, डिप्टी सीएमओ डॉ सच्चिदानंद, सीएचसी अधीक्षक डॉ अखिलेश कुमार, डॉ प्रियांक, डॉ शिवसहाय, अजीत और मनोचिकित्सकों सहित आम जन उपस्थित रहे।
