हमीरपुर। राष्ट्रीय पत्रकार सुरक्षा परिषद (रजि०) के राष्ट्रीय अध्यक्ष देवेंद्र कुमार मिश्रा जी के निर्देशानुसार तथा जिलाध्यक्ष कपिल देव यादव एवं युवा प्रकोष्ठ के नेतृत्व में सोमवार 15 दिसंबर 2025 को प्रिया स्टूडियो, किंग रोड, हमीरपुर में संगठन की एक महत्वपूर्ण आवश्यक बैठक सफलतापूर्वक आयोजित की गई।
बैठक का मुख्य उद्देश्य जनवरी 2026 में लखनऊ में प्रस्तावित राष्ट्रीय महाधिवेशन की तैयारियों को लेकर रणनीति तय करना रहा। इस दौरान आई-कार्ड नवीनीकरण, पदाधिकारियों की जिम्मेदारियां, संगठनात्मक अनुशासन, विस्तार एवं मजबूती जैसे अहम विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में पदाधिकारियों एवं सदस्यों को संबोधित करते हुए कहा गया कि आगामी राष्ट्रीय महाधिवेशन में हमीरपुर इकाई की सक्रिय और निर्णायक भूमिका होगी। सभी सदस्यों से आह्वान किया गया कि वे पूरी निष्ठा, समर्पण एवं एकजुटता के साथ अधिवेशन की तैयारियों में जुटें तथा आयोजन को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने में अपना योगदान दें।
इस अवसर पर स्पष्ट किया गया कि महाधिवेशन में सम्मिलित होने हेतु सभी पदाधिकारी एवं सदस्यों का आई-कार्ड नवीनीकरण अनिवार्य है, जिससे समय रहते प्रवेश पास जारी किए जा सकें। साथ ही यह भी कहा गया कि पत्रकार की पहचान केवल आई-कार्ड से नहीं, बल्कि उसके कार्य, आचरण और संगठन के प्रति निष्ठा से होती है।
बैठक में संगठन की गरिमा बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया और सभी सदस्यों को किसी भी प्रकार के असंवैधानिक, अनुचित अथवा परिषद की छवि को नुकसान पहुंचाने वाले कृत्यों से दूर रहने का निर्देश दिया गया। जिलाध्यक्ष कपिल देव यादव ने भरोसा दिलाया कि परिषद पत्रकारों के हितों की रक्षा, शोषण एवं उत्पीड़न के विरुद्ध संघर्ष में सदैव उनके साथ खड़ी है।
बैठक में यह निर्णय भी लिया गया कि तहसील स्तर पर संगठन का विस्तार किया जाएगा तथा अधिक से अधिक पत्रकार साथियों को परिषद से जोड़ा जाएगा। साथ ही संगठन को सशक्त बनाने हेतु प्रत्येक माह आवश्यक बैठक आयोजित कर विचार-विमर्श किया जाएगा।
वक्ताओं ने कहा कि पत्रकार समाज का सजग प्रहरी और जन-जन की आवाज होता है, इसलिए निष्पक्ष, निर्भीक और जिम्मेदार पत्रकारिता के माध्यम से समाज हित में कार्य करना सभी का कर्तव्य है।
बैठक के उपरांत परिषद की ओर से भोजन-प्रसाद की उत्कृष्ट व्यवस्था की गई। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष कपिल देव यादव, राजेश यादव, सुरेंद्र सिंह, विवेक कुमार, अभिलाष सिंह, भगवत प्रसाद, दीपक सोनी, पवन गुप्ता, शैलेंद्र सिंह, दीप रतन, कुलदीप ओमरे, अजय सिंह, नितिन यादव, सुरेंद्र कुमार, स्वनेश कुमार सोनी, कृष्णकांत सिंह सहित अनेक पत्रकार साथी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
