हमीरपुर। जनपद के ब्लॉक गोहांड स्थित प्रभा शिक्षा निकेतन अमगांव में विधायक खेल स्पर्धा 2025-26 का आयोजन युवा कल्याण विभाग जनपद हमीरपुर द्वारा किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक मनीषा अनुरागी ने प्रतिभागियों की सलामी लेते हुए ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के साथ किया। इसके पश्चात विधायक द्वारा हरी झंडी दिखाकर खेल प्रतियोगिताओं का शुभारंभ कराया गया। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख सरीला, ब्लॉक प्रमुख राठ, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी नेहा सोनी, खंड शिक्षा अधिकारी शैलेश त्रिपाठी, उप जिलाधिकारी सरीला बलराम गुप्ता सहित अन्य अधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
खेल स्पर्धा में कबड्डी, खो खो, वॉलीबॉल, बैडमिंटन एवं एथलेटिक्स की विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। कबड्डी बालक सब जूनियर व जूनियर वर्ग में जवाहर नवोदय विद्यालय राठ की टीम विजेता रही, जिसमें रीवेंद्र, यश, प्रशांत, प्रिंस, अंकुश, हर्ष, अनमोल एवं हिमांशु शामिल रहे। एथलेटिक्स में गोला फेंक जूनियर बालिका वर्ग में ईशा, तवा फेंक में अपर्णा, गोला फेंक सीनियर बालक वर्ग में सत्यम विजेता रहे। लंबी कूद बालिका जूनियर व सब जूनियर वर्ग में समीक्षा, ऊंची कूद जूनियर बालक वर्ग में अंकित तथा बालिका वर्ग में दिव्यांशी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। लंबी कूद जूनियर बालक वर्ग में सोहेल विजेता रहे।
वॉलीबॉल जूनियर बालक वर्ग में क्राइस्ट कान्वेंट स्कूल राठ की टीम (विजय, विमल, जितेंद्र, शुभ, आदित्य, गौरव) ने जीत दर्ज की, जबकि बालिका वर्ग में रश्मि, राशि, ज्योति, मानवी, प्रियंका मिश्रा एवं साक्षी विजेता रहीं। बैडमिंटन जूनियर बालक वर्ग में शिव तथा बालिका वर्ग में ईशा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। 100 मीटर बालिका दौड़ में निहारिका, 200 मीटर बालक जूनियर वर्ग में आदित्य, 200 मीटर बालिका जूनियर वर्ग में प्रतिज्ञा तथा 400 मीटर बालक जूनियर वर्ग में पंकज विजेता रहे।
समापन अवसर पर मुख्य अतिथि द्वारा सभी विजेता खिलाड़ियों को शील्ड, मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही खेल क्षेत्र में योगदान देने वाले प्रशिक्षकों गुलजारीलाल, सैयद अली, श्याम करण, नसीम अहमद, मनोहर लाल एवं रविंद्र नारायण सक्सेना को भी सम्मानित किया गया। विधायक ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल प्रतियोगिताएं ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करती हैं।
