हमीरपुर। शनिवार को पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज सरीला में गणित–विज्ञान मेला धूमधाम से आयोजित किया गया। विद्यालय स्तर पर आयोजित इस मेले में छात्र–छात्राओं ने अपने नवीन प्रयोगों, नवाचारी सोच और विज्ञान के प्रति रुचि को प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत किया। बच्चों द्वारा तैयार किए गए वर्किंग मॉडल ने न केवल उपस्थित लोगों को प्रभावित किया। बल्कि उनकी प्रतिभा को भी उजागर किया। मेले में गणित विषय के अंतर्गत वर्ग पहेली, इलेक्ट्रिक कंपास, सेट स्क्वायर का उपयोग, आदि मॉडलों ने सबका ध्यान आकर्षित किया, जबकि विज्ञान विषय में ऑटोमेटिक ट्रैफिक सिग्नल कंट्रोल सिस्टम और एयर पॉल्यूशन कंट्रोल सिस्टम जैसे आधुनिक और उपयोगी प्रोजेक्ट विशेष आकर्षण का केंद्र बने। आए हुए अभिभावकों, शिक्षकों और अतिथियों ने बच्चों की रचनात्मकता की भूरी-भूरी प्रशंसा की।
कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को मेडल, ट्रॉफी, प्रशस्ति पत्र, सर्टिफिकेट एवं विभिन्न प्रकार के प्रोत्साहन उपहार देकर सम्मानित किया गया। इससे बच्चों का उत्साह दोगुना हो उठा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक प्रतिनिधि सरीला अरविंद राजपूत तथा विशिष्ट अतिथि डॉ. यज्ञेश सिंह जिला समन्वयक उपस्थित रहे। साथ ही बीलपुर के प्रधान, ममना के प्रधान जितेंद्र कुमार, पूर्व डिप्टी डायरेक्टर हरनाथ सिंह राजपूत, समाजसेवी संजय चौरसिया, विद्यालय अध्यक्ष रामकुमार पांचाल शिक्षकगण पृथ्वीराज, देवेन्द्र, राहुल, पूनम, सुखवती, विद्यालय स्टाफ तथा बड़ी संख्या में छात्र–छात्राएं मौजूद रहे।
अतिथियों ने छात्रों के मॉडलों का अवलोकन करते हुए उनकी सराहना की और कहा कि ऐसे मेले विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, जिज्ञासा और नवाचार की भावना को बढ़ाते हैं।कार्यक्रम के उपरांत विद्यालय के प्रभारी प्रधानाचार्य अभय गुप्ता ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय में इस प्रकार के आयोजन बच्चों की सृजनशीलता और आत्मविश्वास को बढ़ावा देते हैं। हमारा उद्देश्य है कि प्रत्येक छात्र अपनी प्रतिभा को पहचानकर उसे बड़े स्तर पर प्रदर्शित कर सके।
