हमीरपुर। तहसील सरीला सभागार में शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व विजय शंकर तिवारी की अध्यक्षता में फरियादियों की समस्याएं सुनी गईं। जिसमें कुल 57 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से सिर्फ 8 मामलों का ही मौके पर निस्तारण किया जा सका।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में इटालिया निवासी दयाशंकर ने चकरोड व बंबी की नाप करवाकर खुलवाने, मनकहरी निवासी राम सहोदर ने पेयजल नल की स्थापना, क्षमा निवासी कुपरा ने आवास उपलब्ध कराने, हरसुंडी निवासी रामकुमार ने खड़ी फसल नष्ट किए जाने, जबकि जरिया निवासी ग्रामीणों ने गौशाला से छोड़ी जा रही गायों से हो रहे नुकसान की शिकायतें दर्ज कराईं।
एडीएम तिवारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। इस दौरान एसडीएम सरीला बलराम गुप्ता, तहसीलदार राममोहन कुशवाहा, सीओ शाहरुख खान सहित तहसील स्तरीय अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में फरियादी मौजूद रहे।
