149 बूथों पर गणना पत्रकों का डिजिटाइजेशन पूरा, तीन बीएलओ सम्मानित

 

हमीरपुर। निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत विधानसभा राठ अंतर्गत तहसील सरीला में मतदाता गणना पत्रकों के डिजिटाइजेशन कार्य में तेजी दिखाई दे रही है। कुल 1,37,003 गणना पत्रकों के सापेक्ष अब तक 46,797 गणना पत्रकों का डिजिटाइजेशन किया जा चुका है।
तहसील क्षेत्र के बूथ संख्या–71 (उच्च प्राथमिक विद्यालय धगवा) के बीएलओ मनीष कुमार, बूथ संख्या–110 (प्राथमिक विद्यालय श्रीरामपुर का डेरा उपरहका) के बीएलओ मदन सिंह, तथा बूथ संख्या–144 (उच्च प्राथमिक विद्यालय कैमोखर) के बीएलओ जयकरण द्वारा अपने-अपने बूथ क्षेत्रों में मतदाताओं से गणना प्रपत्र एकत्र कर बीएलओ ऐप पर शत-प्रतिशत डिजिटाइजेशन कार्य पूरा कर दिया गया है।
निर्धारित अवधि से पूर्व ही 100 प्रतिशत कार्य पूर्ण करने पर उपजिलाधिकारी सरीला बलराम गुप्ता तथा निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी/तहसीलदार सरीला राम मोहन कुशवाहा द्वारा तीनों बीएलओ को प्रशस्ति पत्र एवं परिवार सहित दादा सिनेमा राठ का मूवी टिकट प्रदान कर सम्मानित किया गया। निर्वाचन आयोग के अनुसार गणना प्रपत्र में मतदाता को अपनी वर्तमान जानकारी के साथ-साथ पिछले विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण–2003 की निर्वाचक नामावली से संबंधित विवरण भी भरना होगा। जिन मतदाताओं के नाम 2003 की सूची में नहीं थे, उन्हें अपने माता-पिता, दादा-दादी या नाना-नानी का विवरण भरकर बीएलओ को जमा करना अनिवार्य होगा। इसके आधार पर उनके नाम नवीन सूची में शामिल किए जाएंगे। भ्रमण के दौरान मृत, स्थानांतरित, अनुपस्थित एवं डुप्लीकेट मतदाताओं का चिन्हीकरण भी सतर्कता से किया जा रहा है। मतदाता चाहें तो गणना प्रपत्र ऑनलाइन भी भर सकते हैं। बीएलओ को इस कार्य में लेखपाल, कोटेदार, पंचायत सहायक एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सहयोग मिल रहा है।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इस महत्वपूर्ण निर्वाचन कार्य में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित बीएलओ के विरुद्ध दण्डात्मक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *