हमीरपुर। जनपद के जरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत चंडौत गांव से सवारियां लेकर सरीला की ओर आ रहा एक ई-रिक्शा झबरा मोड़ के पास दर्दनाक हादसे का शिकार हो गया। बताया गया कि तेज रफ्तार में आ रहा एक ट्रक ओवरटेक करते समय अनियंत्रित हो गया और सामने चल रहे ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में ई-रिक्शा चालक जितेंद्र (30) पुत्र रामसनेही निवासी सरीला, संतोष (40) पुत्र बालादीन निवासी बौखर, तथा छोटेलाल (65) पुत्र सियादीन निवासी निवाड़ी, कालपी (जालौन) गंभीर रूप से घायल हुए। हादसे के बाद राहगीरों ने तुरंत एम्बुलेंस बुलाकर घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरीला पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीनों की हालत देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज उरई रेफर कर दिया।
