हमीरपुर। आज बाल दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हमीरपुर के तत्वावधान में एक भव्य जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज में बाल अधिकारों की सुरक्षा, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सुरक्षित वातावरण तथा बाल शोषण से संरक्षण को लेकर व्यापक जनजागरण फैलाना था। कार्यक्रम का शुभारंभ जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हमीरपुर मनोज कुमार राय द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। इस अवसर पर उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि बच्चे किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी और उसके उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला होते हैं। बाल अधिकारों की रक्षा कर तथा उन्हें अवसर प्रदान कर ही हम एक सशक्त समाज और समृद्ध राष्ट्र की कल्पना को साकार कर सकते हैं। रैली में जिले के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थी, शिक्षकगण, अधिवक्ता, स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक शामिल हुए। प्रतिभागियों ने हाथों में विभिन्न संदेशों वाले बैनर और पोस्टर लिए हुए थे, जिन पर बाल अधिकारों की रक्षा, बाल विवाह की रोकथाम, नशा मुक्ति, बाल मजदूरी निषेध और बाल शिक्षा के महत्व से जुड़े नारे लिखे गए थे। रैली नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए जिला मुख्यालय परिसर से प्रारम्भ कर राजकीय स्टेडियम, हमीरपुर में समाप्त की गयी। कार्यक्रम के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री महेन्द्र कुमार पाण्डेय द्वारा बताया गया कि राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) के आकड़ो के अनुसार भारतवर्ष में बाल अपराध लगातार लगभग 10 प्रतिशत प्रतिवर्ष की दर से बढ़ रहे है। ऐसी दशा में बाल अधिकारों की सुरक्षा केवल शासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने बताया कि विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा समय-समय पर बच्चों से संबंधित जागरूकता कार्यक्रम, विधिक साक्षरता शिविर, निःशुल्क कानूनी सहायता तथा परामर्श सेवाएँ भी प्रदान की जाती हैं। इस अवसर पर वक्ताओं ने देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के बच्चों के प्रति प्रेम और समर्पण को स्मरण करते हुए कहा कि उनका सपना तभी साकार होगा जब हर बच्चा सुरक्षित, शिक्षित और आत्मनिर्भर बनेगा। उन्होंने सभी से अपील की कि वे किसी भी बच्चे के साथ हो रहे अत्याचार, भेदभाव या शोषण के मामलों की सूचना तुरंत संबंधित अधिकारियों या विधिक सेवा प्राधिकरण को दें। रैली के समापन पर सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हमीरपुर ने सभी प्रतिभागियों का धन्यवाद ज्ञापित किया और कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ समाज में बाल अधिकारों के प्रति सकारात्मक सोच और जागरूकता को बढ़ावा देती हैं। उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले समय में और अधिक जनजागरूकता अभियान चलाकर आमजन को इन विषयों से जोड़ने का प्रयास जारी रहेगा। यह जानकारी सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हमीरपुर ने दी।
