हमीरपुर से 50 “आपदा मित्र” स्वयंसेवक प्रशिक्षण के लिए रवाना जिलाधिकारी ने दिखाई हरी झंडी

 

हमीरपुर। 12 दिवसीय ट्रेनिंग लखनऊ में जिले में आपदा प्रबंधन को मजबूत करने की दिशा में शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण पहल की गई। “आपदा मित्र” परियोजना के तहत चयनित 50 स्वयंसेवकों को 12 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण के लिए राज्य आपदा मोचन बल मुख्यालय, लखनऊ रवाना किया गया। कलेक्ट्रेट परिसर से जिलाधिकारी घनश्याम मीना ने दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
जिलाधिकारी ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षित टीम का होना किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित और प्रभावी प्रतिक्रिया के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने आशा जताई कि प्रशिक्षण के बाद ये युवा जनपद में आपदा जोखिम प्रबंधन को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
गौरतलब है कि यह प्रशिक्षण उ0 प्र0 राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा आयोजित किया जा रहा है। इसमें स्वयंसेवकों को आगजनी, बाढ़, आकाशीय विद्युत, सर्प दंश, भूकंप जैसी आपदाओं से निपटने हेतु प्राथमिक चिकित्सा, खोज एवं बचाव (Search & Rescue) और राहत कार्यों की तकनीकें सिखाई जाएँगी।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) विजय शंकर तिवारी, आपदा विशेषज्ञ प्रियेश रंजन मालवीय तथा आपदा मित्र संगठन के प्रतिनिधि ऋषभ देव एवं मुबीन अहमद भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने स्वयंसेवकों को प्रशिक्षण का अधिकतम लाभ लेने और आपदा के समय समाज सेवा के लिए सदैव तत्पर रहने की सलाह दी। यह जानकारी जिला आपदा प्रबंध प्राधिकरण, हमीरपुर ने दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *