हमीरपुर। बिजली कंपनियां पैसा वसूलने के बाद भी किसानों को समय पर नलकूप का कनेक्शन नहीं दे रही हैं। स्टोर में ट्रांसफार्मर, पोल, तार व अन्य सामग्री उपलब्ध न होने की बात कहकर किसानों को दौड़ाया जा रहा है। सारी औपचारिकताएं पूरी होने के बावजूद किसानों को कनेक्शन के लिए महीनों इंतजार करना पड़ रहा है।
इसकी शिकायत मिलने के बाद ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने सभी बिजली कंपनियों से नलकूप कनेक्शन के लंबित आवेदनों को लेकर नाराजगी जाहिर की है। वहीं किसानों को सब्सिडी व निजी योजना में कनेक्शन मिलने में होने वाले विलंब को देखते हुए बहुत से किसानों ने गैर सब्सिडी योजना में कनेक्शन के लिए आवेदन कर रखे हैं।
इन पर पोल, ट्रांसफार्मर, तार समेत अन्य सामग्री के खर्च का एस्टीमेट तैयार कर राशि भी जमा कराई जा चुकी है। इसके बाद भी किसानों को कनेक्शन के लिए टरकाया जा रहा है। सबसे खराब स्थिति दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम की है।
जिससे किसानों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। काफी भागदौड़ के बाद किसानों को सामान देने के लिए स्टोर पर बुलाया जाता है तो पूरा सामान न देकर कभी पोल, कभी ट्रांसफार्मर, कभी तार देकर बाकी के लिए बाद में आने को कहा जाता है।
भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष विक्रम सिंह राजपूत ने कहा कि उपभोक्ताओं का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिलाध्यक्ष ने किसानों को जल्द सामान उपलब्ध न कराने पर जनपद में भारी संख्या में धरना प्रदर्शन कर विद्युत विभाग के खिलाफ मोर्चा खोला जायेगा। वही विद्युत गोदान इंचार्ज ने बताया की डिमांड के अनुसार नलकूप कनेक्शन का सामान उपलब्ध नहीं हों पा रहा जिससे वितरण में लेट लतीफ हो रहा है।
