कृषि विभाग की महत्वपूर्ण योजना फार्मर रजिस्ट्री के अंतर्गत तहसीलदार सरीला राम मोहन कुशवाहा ने सोमवार को राजकीय बीज भंडार सरीला का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने उपस्थित कृषकों उमाशरण निवासी सरीला व करिया निवासी छिबौली से वार्ता की तथा उन्हें चना बीज वितरित किया। दोनों किसानों की फार्मर रजिस्ट्री भी मौके पर ही सम्पादित करायी गई।
तहसीलदार ने गोदाम प्रभारी जनक राजपूत को निर्देश दिए कि सभी कृषकों को नियम अनुसार बीज वितरण की कार्यवाही की जाए और साथ ही प्रत्येक कृषक की फार्मर रजिस्ट्री तैयार कराना सुनिश्चित किया जाए। इसके अलावा साधन सहकारी समिति बरगवां में खाद वितरण का निरीक्षण भी किया गया। तहसीलदार ने सचिव महेश को निर्देशित किया कि सभी कृषकों को नियमानुसार खाद उपलब्ध कराया जाए। खाद वितरण की प्रक्रिया टोकन प्रणाली के माध्यम से समय से प्रारंभ करायी जाए, ताकि किसी किसान को असुविधा न हो। कार्यक्रम के दौरान लेखपाल राहुल, रागिनी, आनंद व कृषि सहायक रमेश कुमार द्वारा किसानों की फार्मर रजिस्ट्री सम्पादित करायी गई।
तहसीलदार कुशवाहा ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, भूमि प्रमाण पत्र, केसीसी, मंडी समिति क्रय केंद्र पर खरीद जैसी सभी सुविधाओं का लाभ अब किसानों को फार्मर रजिस्ट्री के माध्यम से ही मिलेगा। उन्होंने कहा कि सभी कृषकों के लिए फार्मर रजिस्ट्री अनिवार्य है, जिससे किसान बही की तर्ज पर किसानों का संपूर्ण डिजिटल रिकॉर्ड तैयार हो सकेगा।
