हमीरपुर/राठ। मझगवां थाना क्षेत्र के गढ़हर गाँव में धसान नदी के किनारे बालू से भरे ओवरलोड ट्रैक्टर के पलटने से 35 वर्षीय एक महिला की मौत हो गई।जबकि दूसरी महिला गंभीर रूप से घायल हो गयी है। वहीं मृतक महिला के परिजनों ने स्थानीय पुलिस पर प्रति ट्रैक्टर एंट्री जमा काराकर अवैध खनन कराने का आरोप लगाया है। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस के द्वारा मृतका के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया गया है।
जानकारी के अनुसार गढ़हर गांव की निवासी जानकी (35)पत्नी मुलू सिंह पुलिस और माफियाओं की सांठगांठ पर संचालित गांव के किनारे धसान नदी पर हो रहे बालू खनन में मजदूरी का काम करती थी। जिसपर बीती रात भी उक्त महिला अपने साथ में मजदूरी करने वाली विमला (30), रामप्रसाद तथा अजय के साथ बालू से भरे टैक्टर में बैठकर वापस गांव की ओर लौट रही थी। तभी नदी की ढलान चढ़ते समय अचानक ट्रैक्टर असंतुलित होकर पलट गया और उसके नीचे दबकर जानकी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई और विमला गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजनों ने बताया कि मृतका मेहनत मजदूरी कर अपने परिवार का भरण पोषण करती थी। जो कि अपने पीछे नाबालिक पुत्री भावना, रेशमा के अलावा पुत्र नीलेश को रोता बिलखता हुआ छोड गई है। घटना की सूचना मिलने पर राठ एसडीएम अभिमन्यु कुमार वह पुलिस क्षेत्र अधिकारी राजीव प्रताप सिंह ने मामले की जांच कर सख्त कार्यवाही करने की बात कही है।
मामले में मझगवां थाना प्रभारी निरीक्षक दिनेश पांडेय ने बताया कि मृतका के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया गया है तथा तहरीर मिलने पर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी।
