मुख्यमंत्री ने श्री अन्नपूर्णा ऋषिकुल ब्रह्मचर्याश्रम संस्कृत महाविद्यालय, वाराणसी में
छात्राओं को सिलाई मशीन, छात्र-छात्राओं को लैपटॉप व प्रमाण पत्र प्रदान किये
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि मां अन्नपूर्णा की कृपा और पूज्य महन्त शंकर पुरी जी महाराज के नेतृत्व व मार्गदर्शन में श्री अन्नपूर्णा मठ मन्दिर द्वारा अनेक लोकोपकारी प्रकल्प प्रारम्भ किये गये हैं। प्रदेश सरकार अन्नपूर्णा मठ मन्दिर द्वारा प्रारम्भ किए गए लोकोपकारी कार्यों को आगे बढ़ाने में भरपूर सहयोग करेगी। श्री अन्नपूर्णा मठ मन्दिर द्वारा संचालित श्री अन्नपूर्णा ऋषिकुल ब्रह्मचर्याश्रम संस्कृत महाविद्यालय विगत 108 वर्षों से भारतीय संस्कृति और संस्कृत भाषा के संरक्षण एवं प्रसार में निरन्तर सक्रिय है। आज यहां 250 से अधिक बेटियों को सिलाई मशीन तथा अनेक छात्र-छात्राओं को प्रशिक्षण के उपरान्त लैपटॉप प्रदान किये जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री जी आज जनपद वाराणसी में श्री अन्नपूर्णा ऋषिकुल ब्रह्मचर्याश्रम संस्कृत महाविद्यालय में काशी अन्नपूर्णा अन्नक्षेत्र ट्रस्ट द्वारा संचालित सिलाई-कढ़ाई एवं कम्प्यूटर प्रशिक्षण केन्द्र के 14वें सत्रान्त पर छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र, लैपटॉप एवं छात्राओं को सिलाई मशीन वितरित करने के पश्चात आयोजित कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री जी ने श्री अन्नपूर्णा ऋषिकुल ब्रह्मचर्याश्रम संस्कृत माध्यमिक विद्यालय का शिलान्यास किया। इसके पूर्व, उन्होंने आश्रम परिसर में पौधरोपण किया।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि काशी में अन्नपूर्णा मंदिर से जुड़ा हुआ कोई भी कार्यक्रम होता है, तो संस्कृत महाविद्यालय के बच्चे वैदिक स्त्रोत के साथ अतिथियों का स्वागत करते हुए दिखाई देते हैं। इससे सम्पूर्ण वातावरण आध्यात्मिक हो जाता है। आने वाले समय में संस्कृत दुनिया को जोड़ने वाली भाषा बनेगी। संस्कृत के बिना किसी का काम नहीं चलेगा।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने संस्कृत पढ़ने वाले प्रत्येक विद्यार्थी के लिए स्कॉलरशिप की व्यवस्था की है। संस्कृत पढ़ने वाले विद्यार्थियों के रहने और खाने की व्यवस्था के लिए सरकार अनुदान की व्यवस्था करने जा रही है। संस्कृत में विशिष्ट शोध और उच्च अध्ययन करने वाले विद्यार्थियों के लिए विशिष्ट स्कॉलरशिप की व्यवस्था की जाएगी। दुनिया के प्राचीनतम ज्ञान की धरोहर संस्कृत में सुरक्षित है। संस्कृत विज्ञान के साथ दिव्य ज्ञान की भी भाषा है। दिव्य ज्ञान के लिए दिव्य चक्षु तथा आध्यात्मिक दृष्टि चाहिए। आध्यात्मिक भाव में जो भी गोता लगाएगा, वह संस्कृत के प्रति आग्रही व लोक कल्याण का माध्यम बनेगा।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि संस्कृत में वेद और व्याकरण दुनिया को भारत की एक विशिष्ट देन है। भारत के तक्षशिला में दुनिया का पहला विश्वविद्यालय खोला गया था। व्याकरण के आद्य रचयिता भगवान पाणिनि इस विश्वविद्यालय की देन हैं। भगवान पाणिनि के व्याकरण सूत्रों में व्याकरण के साथ-साथ उस समय के इतिहास व परम्परा के विषय में विस्तृत जानकारी प्राप्त होती है। ऋग्वेद दुनिया का सबसे प्राचीन ग्रन्थ है। यह भारत की देन है। कल महर्षि वाल्मीकि जी की जयन्ती है। महर्षि वाल्मीकि ने व्यावहारिक संस्कृत में दुनिया का पहला महाकाव्य रचा था।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि यदि शांति और सौहार्द का मार्ग प्रशस्त करना है, तो सभी को सनातन धर्म की शरण में आना पड़ेगा। सनातन धर्म लोक मंगल व लोक कल्याण का मार्ग प्रशस्त कर सकता है। सनातन धर्म को बचाना है, तो हमें संस्कृत की शरण लेनी ही पड़ेगी। संस्कृत को अपना माध्यम बनाना पड़ेगा। इस संस्थान द्वारा गो-सेवा के कार्यक्रम चलाये जा रहे हैं। गौशाला में हृष्ट-पुष्ट गायें मौजूद हैं। भारतीय संस्कृति व सनातन धर्म में ‘गावो विश्वस्य मातरः‘ की अवधारणा पर गाय को माता के रूप में पूजा जाता है। बाबा विश्वनाथ को नन्दी अत्यन्त प्रिय हैं। हमें गायों के संरक्षण के साथ-साथ नन्दी का भी संरक्षण करना है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि भारतीय संस्कृति ने नारी सुरक्षा, सम्मान तथा स्वावलम्बन को सदैव महत्व प्रदान किया है। भारतीय संस्कृति सदैव ‘यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवताः‘ भाव की आग्रही रही है। सनातन संस्कृति हमेशा मातृ शक्ति के प्रति श्रद्धा और सम्मान का भाव व्यक्त करती रही है। ‘माता भूमि पुत्रोऽहं पृथिव्या‘ भाव के साथ हम सभी धरती माता के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करते हैं। हम दुनिया की सबसे पवित्र नदी गंगा को मां के रूप में मानकर उसकी अराधना करते हैं। चराचर जगत की आदिशक्ति मां भगवती हैं। इस जगत में मानव, जीव-जन्तु आदि को मां अन्नपूर्णा की कृपा से भोजन प्राप्त होता है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा चलाये जा रहे मिशन शक्ति कार्यक्रम के माध्यम से नारी सुरक्षा, सम्मान तथा स्वावलम्बन की दिशा में अनेक कार्य किये जा रहे हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने नारी गरिमा को महत्व प्रदान करते हुए बेटी बचाओ- बेटी पढ़ाओ, हर घर शौचालय, प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी अनेक योजनाएं चलाई है। देश में 04 करोड़ तथा प्रदेश में 60 लाख गरीब परिवारों को आवास की सुविधा प्राप्त हुई है। देश में 12 करोड़ गरीबों के घर में एक-एक शौचालय का निर्माण किया गया है। देश में 10 करोड़ महिलाओं को प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अन्तर्गत निःशुल्क रसोईगैस कनेक्शन प्रदान किये गये हैं। इससे महिलाओं को ईंधन से होने वाले धुंए से मुक्ति मिली है। काशी में पाइप लाईन से गैस की सप्लाई प्रारम्भ की जा चुकी है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि जहां आवास है, वहीं पर मालिकाना हक प्रदान करने के लिए देश में 03 करोड़ परिवारों की महिला सदस्यों को घरौनी का अधिकार दिया गया है। महिला सदस्य अब भूमि पर ऋण लेकर व्यवसाय आदि कार्य कर सकती है। महिलाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार तथा कौशल विकास सहित जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में आगे बढ़ाने का कार्य किया जा रहा है। श्री अन्नपूर्णा मठ मन्दिर द्वारा प्रति वर्ष 250 बालिकाओं को प्रशिक्षण देकर सिलाई मशीन प्रदान की जाती है, जिससे यह बालिकाएं अपने परिवारों का भरण-पोषण करने में सक्षम हुई हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि दुनिया में कृषि के पश्चात वस्त्र उद्योग में सर्वाधिक रोजगार की सम्भावनाएं हैं। आज दुनिया में रेडीमेड गारमेण्ट्स की काफी डिमाण्ड है। वर्ष 2018 में प्रदेश में एक जनपद एक उत्पाद की योजना लागू की गयी। इस योजना के अन्तर्गत वाराणसी, भदोही और मिर्जापुर का सिल्क व कारपेट कलस्टर तथा लखनऊ की चिकनकारी सम्मिलित है। इन उत्पादों को अच्छी डिजाइनिंग तथा पैकेजिंग आदि से जोड़ा जाता है। परिणामस्वरूप इतना अधिक ऑर्डर प्राप्त होता है कि उसकी आपूर्ति नहीं हो पाती है। प्रदेश सरकार ने भारत सरकार के साथ मिलकर फ्लैटेड फैक्ट्री जैसे अनेक कार्यक्रम प्रारम्भ किये हैं। यह एक नया तथा सफल मॉडल है। फ्लैटेड फैक्ट्री में बहुत अधिक क्षेत्रफल में भूमि की आवश्यकता नहीं होती, बल्कि किसी बिल्डिंग के बेसमेण्ट से लेकर किसी भी फ्लोर पर उद्यम संचालित किया जा सकता है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन में लखनऊ में 1100 एकड़ क्षेत्रफल में पी0एम0 मित्र पार्क का निर्माण किया जा रहा है। यहां कपड़े से सम्बन्धित सभी प्रकार की चीजें एक प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध हो सकेंगी। हम संत कबीर दास जी के नाम पर एक टेक्सटाइल पार्क विकसित करने जा रहे हैं। यहां वस्त्र उद्योग से जुड़ीं तकनीक, डिजाइन तथा पैकेजिंग आदि सुविधाएं एक स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी। युवाओं को प्रशिक्षित कर रोजगार से जोड़ा जाएगा।
इस अवसर पर इस अवसर पर स्टाम्प तथा न्यायालय शुल्क एवं पंजीयन राज्य मंत्री (स्वतन्त्र प्रभार) श्री रवीन्द्र जायसवाल, आयुष, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ0 दयाशंकर मिश्र ’दयालु‘ तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।