सरीला तहसील में फिर प्रशासनिक उलटफेर, राम मोहन की वापसी

 

चार दिन में दो तहसीलदार, बदलाव बना चर्चा का विषय
हमीरपुर/सरीला। जनपद की तहसील सरीला में एक बार फिर प्रशासनिक फेरबदल देखने को मिला है। शनिवार को जहां रविन्द्र पाल ने नए तहसीलदार के रूप में कार्यभार संभाला था, वहीं महज चार दिन बाद बुधवार को एक बार फिर बदलाव करते हुए राम मोहन कुशवाहा को तहसीलदार सरीला की जिम्मेदारी सौंपी गई।

बुधवार को तहसील कार्यालय में राम मोहन कुशवाहा ने औपचारिक रूप से चार्ज लिया और तुरंत जनसुनवाई शुरू की। इस दौरान उन्होंने फरियादियों की समस्याएं सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने निर्वाचन संबंधी कार्यों में तेजी लाने के लिए अधीनस्थ कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

चार दिन के भीतर हुए इस दोहरे प्रशासनिक बदलाव ने तहसील परिसर में चर्चाओं को जन्म दे दिया है। कर्मचारी से लेकर आमजन तक इस बदलाव को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगा रहे हैं। फिलहाल एक बार फिर राम मोहन कुशवाहा के हाथों में तहसील की कमान आने से प्रशासनिक कार्यों में स्थिरता की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *