लखनऊ:
जन भवन प्रांगण, लखनऊ में आयोजित की जा रही तीन दिवसीय प्रादेशिक फल, शाकभाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी-2026 के अंतर्गत जनपद लखनऊ के विभिन्न वर्गों के उद्यानों एवं गृहवाटिकाओं की प्रतियोगिता की जजिंग का कार्य सफलतापूर्वक सम्पन्न हो गया है। इस प्रतियोगिता में जनपद के उद्यान प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की और उत्कृष्ट औद्यानिक प्रदर्श प्रस्तुत किए।
प्रदर्शनी के अंतर्गत उद्यान विभाग, सेना, रेलवे, पी०ए०सी० मुख्यालय, पुलिस महानिदेशक कार्यालय, मेट्रो रेल कारपोरेशन, नगर निगम, लखनऊ विकास प्राधिकरण, आवास एवं विकास परिषद, एस०जी०पी०जी०आई०, आर०डी०एस०ओ०, आई०आर०टी०एम०, जन भवन सहित व्यक्तिगत उद्यान प्रेमियों द्वारा विभिन्न श्रेणियों में प्रविष्टियाँ दी गईं। इसके साथ ही शहर के प्रमुख ऐतिहासिक स्थलों जैसे बड़ा इमामबाड़ा, छोटा इमामबाड़ा एवं सहादत अली खाँ के मकबरे के उद्यानों की प्रविष्टियाँ भी प्रतियोगिता में शामिल रहीं। कुल 243 प्रविष्टियाँ प्राप्त हुईं।
निदेशक उद्यान श्री बी.पी. राम ने बताया कि इन सभी प्रविष्टियों की जजिंग भारत सरकार से संबद्ध औद्यानिकी संस्थानों, कृषि विश्वविद्यालयों, कृषि विज्ञान केन्द्रों तथा उद्यान विभाग में कार्यरत एवं सेवानिवृत्त विषय विशेषज्ञों से गठित निर्णायक मंडलों द्वारा 31 जनवरी, 2026 एवं 01 फरवरी, 2026 को की गई। विभिन्न वर्गों की प्रतियोगिताओं के परिणाम 08 फरवरी, 2026 को घोषित किए जाएंगे तथा विजेताओं को उसी दिन अपरान्ह 03ः00 बजे पुरस्कृत किया जाएगा।
प्रदर्शनी के अंतर्गत 05 फरवरी, 2026 को गमलों में लगी शाकभाजी, शोभाकार पत्ती एवं फूल वाले पौधे, फल, शाकभाजी, पान, शहद, मशरूम, फल संरक्षित पदार्थ, कटे हुए फूल, रंगोली, वर्टिकल गार्डन, कलात्मक पुष्प सज्जा एवं फोटोग्राफी आदि वर्गों की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जिनकी जजिंग उसी दिन मध्यान्ह में सम्पन्न होगी। इस वर्ष विभिन्न वर्गों में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले विजेता को 5100 रुपये की नगद धनराशि एवं एक चल वैजयन्ती प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त प्रदर्शनी के सर्वाेत्तम प्रदर्श को भी 5100 रुपये नगद एवं चल वैजयन्ती से सम्मानित किया जाएगा।
यह प्रदर्शनी प्रदेश की सबसे बड़ी फल, शाकभाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी है, जिसमें प्रतिभागियों एवं आम जन को नवीन औद्यानिक तकनीकों के अवलोकन एवं लाभ प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। प्रदर्शनी का शुभारम्भ माननीय मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा 06 फरवरी, 2026 को बजे जन भवन प्रांगण, लखनऊ में प्रस्तावित है। उद्घाटन के पश्चात प्रदर्शनी आम जनता के लिए खोल दी जाएगी।
