डिप्टी सीएमओ ने सीएचसी का औचक निरीक्षण किया

हमीरपुर/कुरारा। स्थानीय सीएचसी का उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने औचक निरीक्षण किया। जहां उन्होंने मरीजों से मिलकर उनका हाल जाना और अन्य को जरूरी दिशा निर्देश दिए।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कुरारा का बृहस्पतिवार को उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. भानु प्रताप सिंह ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल परिसर में पहुंचकर ओपीडी, ऑपरेशन थियेटर, फार्मेसी, आयुष्मान भारत डेस्क, इमरजेंसी वार्ड सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही भर्ती मरीजों से मिलकर उनका हालचाल जाना और मिल रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।
उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई की स्थिति का भी निरीक्षण किया और संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान जन औषधि केंद्र का निरीक्षण करते हुए दवाओं की उपलब्धता, रख-रखाव तथा पोर्टल के अनुसार कार्य किए जाने की स्थिति की जांच की गई। उन्होंने यह भी देखा कि मरीजों को बाहर की दवाएं तो नहीं लिखी जा रही हैं। निरीक्षण में सभी व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं।
डॉ. भानु प्रताप सिंह ने बताया कि निरीक्षण के समय सीएचसी में चार मरीज भर्ती मिले, जिनसे उपचार और सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली गई। मरीजों ने संतोष व्यक्त करते हुए बताया कि उन्हें उचित उपचार दिया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान सीएचसी प्रभारी सुनील कुमार जायसवाल, फार्मासिस्ट योगेंद्र यादव, सुधीर साहू, ग्यास बेग मिर्जा, जितेंद्र कुमार सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *