मुख्य सचिव से 2025 बैच के भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) के प्रशिक्षु अधिकारियों ने शिष्टाचार भेंट की

लखनऊ: प्रदेश के मुख्य सचिव श्री एस.पी. गोयल से 2025 बैच के भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) के प्रशिक्षु अधिकारियों ने आज लोक भवन स्थित मुख्य सचिव के कार्यालय कक्ष के सभागार में शिष्टाचार भेंट की।
इस अवसर पर मुख्य सचिव ने प्रशिक्षु अधिकारियों को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश की प्रगति और विकास की गति पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में अवस्थापना सुविधाओं के सुदृढ़ होने के कारण अब देश-विदेश से निवेशक प्रदेश की ओर आकर्षित हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश तेजी से देश की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में अग्रसर है। प्रदेश में चिकित्सा सुविधाओं के क्षेत्र में अभूतपूर्व वृद्धि हुई है, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और पहुंच में उल्लेखनीय सुधार आया है।
उन्होंने सभी प्रशिक्षु अधिकारियों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उन्हें राष्ट्र की सेवा करने और विश्व मंच पर भारत के राष्ट्रीय हितों को आगे बढ़ाने का सुनहरा अवसर प्राप्त हुआ है। मुख्य सचिव ने आह्वान किया कि वे इस जिम्मेदारी को पूरी ईमानदारी, समर्पण और निष्ठा के साथ निभाएं तथा भारत की सकारात्मक छवि को वैश्विक स्तर पर मजबूत करने में योगदान दें।
प्रशिक्षु अधिकारियों में श्री प्रशांत सिंह, श्री रोहित सिंघल, श्री आकाश श्रीवास्तव, श्री प्रियांशु मिश्रा, सुश्री देवांशी सक्सेना, श्री दमनप्रीत अरोरा शामिल थे।
इस अवसर पर प्रमुख सचिव सामान्य प्रशासन श्री एस.वी.एस.रंगाराव, सचिव मुख्यमंत्री श्री सूर्यपाल गंगवार, उपाध्यक्ष लखनऊ विकास प्राधिकरण श्री प्रथमेश कुमार उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *