हमीरपुर/कुरारा। शीतलहर के बीच रैन बसेरे की सुध लेने पहुंचे एसडीएम/नगर पंचायत के अधिशाषी अधिकारी ने मुसाफिरों से पूछा- कोई दिक्कत तो नहीं?
जनपद में पड़ रही भीषण ठंड और शीतलहर को देखते हुए नगर पंचायत कुरारा द्वारा संचालित रैन बसेरे की हकीकत परखने शुक्रवार को एसडीएम सरीला/अधिशाषी अधिकारी बलराम गुप्ता अचानक मौके पर पहुंच गए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की और वहां ठहरे हुए लोगों से सुविधाओं का फीडबैक लिया।
अचानक पहुंचे एसडीएम ने सबसे पहले रैन बसेरे में बिस्तर, कंबलों की सफाई और पीने के पानी की उपलब्धता देखी। उन्होंने मौके पर मौजूद रजिस्टर की जांच की और रुकने वाले लोगों की प्रविष्टियां देखीं। एसडीएम ने वहां ठहरे मुसाफिरों से सीधा संवाद करते हुए पूछा कि उन्हें प्रशासन की ओर से दी जा रही सुविधाओं में कोई समस्या तो नहीं हो रही है।
अलाव और सफाई के दिए निर्देश निरीक्षण के दौरान एसडीएम बलराम गुप्ता ने रैन बसेरा संचालक को निर्देशित किया कि रात्रि के समय अनिवार्य रूप से अलाव जलाया जाए ताकि ठंड से बचाव हो सके। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि कस्बे में बाहर से आने वाले किसी भी व्यक्ति को ठहरने में असुविधा नहीं होनी चाहिए।
लापरवाही पर दी चेतावनी अधिशाषी अधिकारी ने कर्मचारियों को हिदायत दी कि रैन बसेरे में नियमित रूप से साफ-सफाई रखी जाए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही पाई गई, तो संबंधित कर्मचारी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इस दौरान नगर पंचायत के कर्मचारी भी मौजूद रहे।
