अंतर्राज्यीय बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़, 14 बाइक बरामद

 

संवाददाता हमीरपुर/सरीला। पुलिस अधीक्षक हमीरपुर के निर्देश पर जनपद में अपराध नियंत्रण एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना जरिया पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। अपर पुलिस अधीक्षक हमीरपुर एवं क्षेत्राधिकारी सरीला के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक थाना जरिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अंतर्राज्यीय मोटरसाइकिल चोर गिरोह के चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 14 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
पुलिस ने यह कार्रवाई ग्राम रिगवारा कला के पास की, जहां से अभियुक्तों को धर दबोचा गया। गिरफ्तार अभियुक्तों में हरिमोहन राजपूत पुत्र जयकरन निवासी ग्राम चिल्ली थाना राठ, हिमान्शु सेन पुत्र लक्ष्मीप्रसाद निवासी ग्राम अमूंद थाना जरिया, राहुल पुत्र टीकाराम अहिरवार निवासी ग्राम न्यूलीबासा थाना जलालपुर तथा गुलाम वारिस पुत्र मोहम्मद जलील निवासी ग्राम सिचौली पुरवा थाना मौदहा जनपद हमीरपुर शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार अभियुक्तों के विरुद्ध थाना जरिया पर मु0अ0सं0 09/2026 धारा 317(2), 317(4), 317(5) व 345(3) बीएनएस के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है। बरामदगी व गिरफ्तारी की विधिवत कार्यवाही पूर्ण कर अभियुक्तों को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
बरामद मोटरसाइकिलों में हीरो स्प्लेंडर प्लस, अपाचे आरटीआर 160, होंडा शाइन एसपी सहित विभिन्न कंपनियों की बाइकें शामिल हैं, जिनमें से कई बिना नंबर प्लेट की हैं तथा कुछ के चेसिस नंबर खुरचे हुए पाए गए हैं। पुलिस अब इन मोटरसाइकिलों के वास्तविक मालिकों की पहचान कर उन्हें सौंपने की कार्रवाई कर रही है।
स्वाट टीम/एसओजी प्रभारी उप निरीक्षक सचिन शर्मा सहित उनकी टीम तथा थाना जरिया के वरिष्ठ उप निरीक्षक शान्तनु चतुर्वेदी, उप निरीक्षक दिलीप श्रीवास्तव, रोहित यादव, मानवेन्द्र सिंह, हे. का. शिवेन्द्र सिंह, बृजेश यादव, अभिनव प्रताप सहित अन्य पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने टीम की सराहना करते हुए अपराधियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *