हमीरपुर। आयुक्त चित्रकूटधाम मण्डल, बांदा अजीत कुमार द्वारा पुलिस उप महानिरीक्षक, चित्रकूटधाम परिक्षेत्र बांदा राजेश एस के साथ 20 दिसंबर 2025 को तहसील सरीला में आयोजित समाधान दिवस में प्रतिभाग किया गया। इस अवसर पर आयुक्त महोदय ने जनसुनवाई के दौरान प्राप्त प्रत्येक शिकायत को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
समाधान दिवस के दौरान उपस्थित समस्त विभागीय अधिकारियों को आयुक्त महोदय द्वारा जनहित में निम्न महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।
1. आगामी ठंड को दृष्टिगत रखते हुए सभी विभाग आवश्यक पूर्व तैयारियां सुनिश्चित करें।
2. बिजली आपूर्ति रोस्टर के अनुसार तथा कृषकों की आवश्यकताओं के अनुरूप निर्बाध रूप से की जाए
3. खराब ट्रांसफार्मरों एवं लटकी विद्युत तारों को तत्काल दुरुस्त कराया जाए।
4. मण्डल में खाद की पर्याप्त उपलब्धता है। अतः कृषकों को समुचित मात्रा में खाद उपलब्ध कराई जाए
5. गौशालाओं में गौवंश के लिए चारा, पेयजल एवं ठंड से बचाव की पर्याप्त व्यवस्था की जाए।
6. प्रत्येक ग्राम पंचायत में लाइब्रेरी का यथाशीघ्र संचालन सुनिश्चित किया जाए।
7. हर ग्राम पंचायत में नियमित एवं शुद्ध पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था की जाए।
8. शिक्षा की गुणवत्ता सुनिश्चित करने हेतु विद्यालय समय से खुलें, बच्चों की उपस्थिति बढ़ाई जाए तथा ड्रेस, जूता-मोजा एवं स्वेटर की व्यवस्था कराई जाए।
9. किसी भी विद्यालय में पुरानी अथवा असुरक्षित स्कूल वैन न चलाई जाए, क्षमता से अधिक बच्चों को न बैठाया जाए तथा तेज रफ्तार पर पूर्ण प्रतिबंध हो। स्कूलों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।
10. सभी सड़कों की मरम्मत कराई जाए तथा सड़क किनारे उगी कंटीली झाड़ियों की तत्काल सफाई कराई जाए।
समाधान दिवस उपरांत आयुक्त महोदय द्वारा गरीब, असहाय एवं वृद्ध महिलाओं को कंबल वितरित कर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति संवेदनशीलता एवं मानवीय दृष्टिकोण का परिचय दिया गया।
इसके पश्चात आयुक्त महोदय द्वारा दो शासकीय संस्थानों का औचक निरीक्षण किया गया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सरीला का निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान केंद्र में साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था, दवाओं की उपलब्धता एवं सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशीलता संतोषजनक पाई गई। आयुक्त महोदय ने निर्देशित किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में निरंतर सुधार, मरीजों की सुविधा एवं अस्पताल प्रबंधन को और बेहतर बनाया जाए। साथ ही ठंड से बचाव हेतु पर्याप्त इंतजाम किए जाएं तथा अनावश्यक रूप से किसी भी मरीज को रिफर न किया जाए।
कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, जरिया (तहसील सरीला) का निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान उपस्थिति पंजिका के अवलोकन में पाया गया कि श्रीमती संध्या विश्वकर्मा द्वारा हस्ताक्षर किए गए थे, किंतु वे मौके पर अनुपस्थित पाई गईं। इस पर आयुक्त महोदय ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, हमीरपुर को संबंधित कर्मचारी का वेतन रोकने के निर्देश दिए। साथ ही उपस्थित कर्मचारियों एवं शिक्षकों को विद्यालय संचालन, अनुशासन एवं छात्राओं की शिक्षा एवं सुरक्षा के प्रति पूर्ण जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।
आयुक्त महोदय ने स्पष्ट किया कि सरकार आमजन के प्रति सजग, संवेदनशील एवं प्रतिबद्ध है तथा प्रशासन का प्रत्येक स्तर सेवा, समर्पण और जवाबदेही की भावना के साथ कार्य कर रहा है। समाधान दिवस एवं निरीक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से जनहितकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित कर जनता को त्वरित राहत प्रदान करना ही प्रशासन का मूल उद्देश्य है।
