संविधान दिवस पर संविधान के प्रतिबद्धता दोहराई

हमीरपुर। आज दिनांक 26 नवंबर 2025 को संविधान दिवस के अवसर पर जनपद न्यायालय, हमीरपुर के सभागार में गरिमामय वातावरण में प्रस्तावना वाचन कार्यक्रम का आयोजन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हमीरपुर द्वारा जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हमीरपुर मनोज कुमार राय के निर्देशन में किया गया। इस अवसर पर न्यायालय परिवार के सभी न्यायिक अधिकारीगण, कर्मचारीगण तथा बड़ी संख्या में अधिवक्तागण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत के संविधान की भावना को नमन करते हुए किया गया। सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हमीरपुर महेन्द्र कुमार पाण्डेय ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए सभा में उपस्थित सभी व्यक्तियों का स्वागत किया। उन्होंने संविधान दिवस के महत्व एवं उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए बताया कि प्रत्येक भारतीय नागरिक का यह कर्तव्य है कि वह संविधान में निहित आदर्शों और कर्तव्यों का पालन करे तथा देश की लोकतांत्रिक परंपराओं को सशक्त बनाए। इस अवसर पर जनपद न्यायाधीश मनोज कुमार राय द्वारा भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कराया गया। तथा संविधान के प्रति निष्ठा रखे जाने की शपथ दिलाई गई। उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अधिवक्ताओं ने संविधान की प्रस्तावना को उत्साहपूर्वक वाचन किया गया और संविधान के प्रति अपनी निष्ठा एवं सम्मान प्रकट किया। कार्यक्रम के अंत में सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हमीरपुर ने सभी का आभार व्यक्त किया और संविधान की भावना को जन-जन तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता दोहराई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *