हमीरपुर। जंगली गोवंशों के आतंक से परेशान हरदुआ गांव के किसानों ने सोमवार को तहसील सरीला पहुंचकर उपजिलाधिकारी बलराम गुप्ता को ज्ञापन सौंपा। किसानों ने बताया कि गांव को जाने वाले मार्ग पर करीब 3 किलोमीटर लंबे घने जंगल में बड़ी संख्या में जंगली गोवंश रहते हैं। शाम होते ही ये झुंड बनाकर खेतों में घुस जाते हैं और फसलों को चरकर भारी नुकसान पहुंचाते हैं। किसानों में जगजीवन, गिरजाशंकर, कैलाश राजपूत, ग्राम प्रधान बृजेश राजपूत, निर्दोष कुमारी, प्रीति, चंद्रप्रभा देवी सहित दो दर्जन से अधिक लोग शामिल थे। किसानों ने बताया कि जंगली गोवंशों की संख्या सैकड़ों में है। फसलें चरने से रोकने की कोशिश करने पर ये जानवर किसानों पर हमला कर देते हैं, जिससे किसानों में दहशत का माहौल बना रहता है और वे अपने खेतों में जाने से भी डरते हैं। किसानों ने प्रशासन से गोवंशों से सुरक्षा और फसलों के संरक्षण की मांग की।
वहीं उपजिलाधिकारी बलराम गुप्ता ने समस्या को गंभीरता से लेते हुए आश्वस्त किया कि किसानों व उनकी फसलों की सुरक्षा प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि गौशाला निर्माण कराकर समस्या का समाधान किया जाएगा।
