जनप्रिय विधायक के भाई की सड़क हादसे में मौत, दो घायल, तेज रफ्तार डंपर ने मारी टक्कर

 

हैदरगढ़ बाराबंकी। उत्तर प्रदेश के जनपद बाराबंकी की हैदरगढ़ विधानसभा क्षेत्र के भाजपा लोकप्रिय विधायक दिनेश कुमार रावत के छोटे भाई मिथलेश रावत की शुक्रवार तड़के सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर इटावा जिले के कुरखा गांव के पास सुबह करीब 5:30 बजे यह हादसा उस समय हुआ, जब कार में सवार चालक को अचानक नींद आने पर वाहन रोका गया और ड्राइवर बदलने की प्रक्रिया चल रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार डंपर ने कार को साइड से जोरदार टक्कर मार दी।
जानकारी के मुताबिक रास्ते में ड्राइवर हाफिज को अचानक नींद महसूस हुई, जिस पर कार को रोका गया और ड्राइवर बदलने की प्रक्रिया चल रही थी। इसी दौरान गाड़ी का गेट खुला होने पर डंपर ने कार को साइड से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और विधायक दिनेश रावत के भाई मिथलेश रावत निवासी मीरापुर थाना कोठी की मौके पर ही मौत हो गई। उनके साथ कार में मौजूद हाफिज और दिलीप पटेल, दोनों निवासी मीरापुर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची यूपीडा की एम्बुलेंस ने घायलों को प्राथमिक उपचार देते हुए आयुर्विज्ञान संस्थान सैफई रेफर किया, जहां उपचार के दौरान मिथलेश ने दम तोड़ दिया।

हादसे की जानकारी मिलते ही विधायक दिनेश रावत पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और वे तत्काल सैफई के लिए रवाना हो गए। पूर्व ब्लॉक प्रमुख सुनील सिंह ने बताया कि हादसा बेहद दर्दनाक था और परिवार के सभी सदस्य मौके पर पहुंच गए हैं। मिथलेश रावत देवस्थान दर्शन कर वापस लौट रहे थे, तभी यह दर्दनाक दुर्घटना हुई। परिवार और क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *