हमीरपुर। जनपद के सरीला क्षेत्र के खेड़ा पावर हाउस से किसानों को 24 घंटे में मात्र 8 घंटे बिजली आपूर्ति मिलने से सिंचाई कार्य बाधित हो रहा है। समस्या से त्रस्त किसानों ने शुक्रवार को तहसील सरीला पहुंचकर उपजिलाधिकारी बलराम गुप्ता को प्रार्थना पत्र सौंपा तथा विद्युत आपूर्ति बढ़ाने की मांग की। किसानों ने बताया कि खेड़ा पावर हाउस से धगवां फीडर में दिन के समय बिजली आपूर्ति नहीं दी जा रही है, जबकि अन्य फीडरों पर 16 घंटे बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। इससे किसानों की मटर, मसूर और लाही की फसल की सिंचाई प्रभावित हो रही है। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन, धरना एवं पैदल मार्च कर विद्युत विभाग का विरोध करेंगे। इस दौरान कामता राजपूत, अशोक कुमार, मुलायम सिंह, कौशल किशोर, रामपाल, विकास सहित कई किसान उपस्थित रहे।
इस संबंध में उपखंड अधिकारी सरीला हरिश्चंद्र ने बताया कि कॉरपोरेशन के आदेशानुसार 10 घंटे विद्युत आपूर्ति निर्धारित है। उन्होंने कहा कि किसानों के प्रार्थना पत्र को संज्ञान में लेते हुए दिन में 10 घंटे नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।
