बालदिवस पर विज्ञान प्रदर्शनी व बाल मेले का आयोजन, बच्चों ने दिखाई प्रतिभा

 

हमीरपुर। राष्ट्रीय बाल दिवस के अवसर पर शुक्रवार को कस्बा सरीला के श्री शल्लेश्वर विद्यालय में भव्य बाल मेला एवं विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उपजिलाधिकारी सरीला बलराम गुप्ता, वन क्षेत्राधिकारी अमित कुमार श्रीवास्तव और मुकेश यादव ने फीता काटकर तथा मां सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर दीप प्रज्वलित करते हुए किया। कार्यक्रम का संचालन रामकुमार त्रिपाठी ने किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य ने सभी अतिथियों को बैज लगाकर स्वागत किया। मेले में बच्चों की रचनात्मकता और नवाचार देखते ही बन रहा था। विद्यार्थियों ने आकर्षक स्टॉल सजाकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। खानपान स्टॉलों पर पावभाजी, समोसा, भेलपुरी, चाट, रसना, स्वीट कॉर्न, गुलाब जामुन, मोमोज, पास्ता, बतासे, खस्ता एवं मिल्कशेक जैसी स्वादिष्ट सामग्री ने आगंतुकों को खूब आकर्षित किया।
इसके अलावा झूला, रिंग गेम, गेंद फेंक, खिलौना स्टॉल सहित विभिन्न मनोरंजन गतिविधियाँ बच्चों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। अभिभावकों और आगंतुकों ने बच्चों के उत्साह की सराहना करते हुए सक्रिय रूप से सहभागिता की। विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को पुरस्कृत भी किया गया। विज्ञान प्रदर्शनी में आशिक, रोहित, अनूप और महिला सशक्तिकरण में उर्मिला, राधा, पूजा व रंगोली में नैन्सी, उर्मिला देवी, पूजा विजेता रही।
विद्यालय के प्रबंधक राजेंद्र खरे ने कहा कि इस प्रकार के सह-पाठयक्रमीय आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं। शिक्षक रामकुमार त्रिपाठी ने सभी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ देते हुए उनके सर्वांगीण विकास की कामना की।
मेले को सफल बनाने में नगर पंचायत से लिपिक राघवेन्द्र यादव, ऑपरेटर अनिल कुमार तथा विद्यालय के प्रधानाचार्य रमेश द्विवेदी, शिक्षक महेंद्र पाल यादव, जयपाल प्रजापति, भगवानदास, वीरेंद्र कुमार, सविता देवी, लक्ष्मी देवी, उपमा देवी, योगेश कुमार, पूजा कुमारी, जितेंद्र यादव सहित पूरे स्टाफ ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *