हमीरपुर। सोमवार को सरीला कस्बे में एक दर्दनाक हादसा उस समय हो गया जब मां कालिका देवी मंदिर के पास स्कूल से लौट रही 6 वर्षीय बच्ची तन्वी पुत्री वीरपाल प्रजापति सड़क पार करते समय बाइक की चपेट में आ गई। टक्कर लगने से बच्ची घायल होकर सड़क पर गिर पड़ी। बाइक सवार ने तत्काल बच्ची को उठाया और सहायता के लिए लोगों से गुहार लगाने लगा। तभी उसी मार्ग से उपजिलाधिकारी सरीला बलराम गुप्ता किसी कार्य से गुजर रहे थे। स्थिति को देखकर उन्होंने बिना देर किए अपनी सरकारी गाड़ी रोकी और घायल बच्ची व बाइक सवार दोनों को साथ लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरीला पहुंचे। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बच्ची के पैर में फ्रैक्चर होने की पुष्टि की और बेहतर इलाज के लिए उसे उरई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
