“उत्तर प्रदेश पोल्ट्री एंड एनिमल हेल्थ एक्सपो 2025” का भव्य शुभारंभ आज यहां इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में प्रारम्भ हुआ। यह दो दिवसीय कार्यक्रम 7 नवम्बर से 8 नवम्बर 2025 तक आयोजित किया जा रहा है, जिसमें पोल्ट्री एवं पशुपालन क्षेत्र से जुड़े सैकड़ों उद्यमी, विशेषज्ञ, कंपनियाँ और किसान भाग ले रहे हैं। एक्सपो में देश-विदेश की कई प्रसिद्ध कंपनियों के स्टॉल लगाए गए हैं, जिनमें पशुपालन क्षेत्र से जुड़ी नवीनतम तकनीकें, उपकरण, फ़ीड, औषधियाँ, टीकाकरण समाधान, और पोल्ट्री उत्पादन से जुड़ी अत्याधुनिक सेवाएँ प्रदर्शित की गई हैं।
कार्यक्रम का उद्घाटन प्रदेश के वरिष्ठ अधिकारियों एवं उद्योग जगत के प्रतिष्ठित व्यक्तित्वों द्वारा किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. जयकेश कुमार पांडे, पूर्व निदेशक, पशुपालन विभाग, उत्तर प्रदेश डॉ. बृजेश कुमार त्रिपाठी, उप निदेशक, पशुपालन विभाग, एम. बहल, चेयरमैन, अल्लाना ग्रुप, एफ.एम. शेख, अध्यक्ष, , डॉ. तरुण कुमार त्रिपाठी, पूर्व निदेशक, पशुपालन विभाग, अरिंदम सिंघा रॉय, कार्यकारी निदेशक, ब्।त्क् भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में राज्य एवं देश के विभिन्न हिस्सों से आए पोल्ट्री, डेयरी और एनिमल हसबैंड्री क्षेत्र के अनेक हितधारक, स्टार्टअप प्रतिनिधि, तकनीकी विशेषज्ञ एवं उद्यमी भी मौजूद रहे। किसानों और युवाओं के लिए यह प्रदर्शनी ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक साबित हो रही है। इस प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य उत्तर प्रदेश पोल्ट्री नीति 2025 के बारे में जागरूकता बढ़ाना, उद्यमिता एवं स्वरोज़गार को बढ़ावा देना, पशुपालकों, किसानों और उद्योग जगत के बीच संपर्क, संवाद और सहयोग को प्रोत्साहित करना तथा पशु स्वास्थ्य, जैव-सुरक्षा एवं उत्पादन तकनीकों पर व्यावहारिक जानकारी उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आगंतुकों की उपस्थिति रही, और सभी प्रतिभागियों ने इसे अत्यंत उपयोगी बताया। यह एक्सपो कल, 8 नवम्बर 2025 को भी जारी रहेगा, जिसमें पैनल डिस्कशन, तकनीकी सत्र, और उद्यमिता पर विशेष कार्यशालाएँ आयोजित की जाएगी।
