विधानसभा मीडिया सेंटर में हुई पहली आम सभा, संयोजक प्रभात कुमार त्रिपाठी की भूमिका रही निर्णायक
रूपेंद्र उपाध्याय बने कोषाध्यक्ष, लक्ष्मीकांत तिवारी को प्रवक्ता की जिम्मेदारी; पत्रकार हितों के लिए एकजुट होकर काम करने का संकल्प

लखनऊ, 6 जुलाई। उत्तर प्रदेश मान्यता प्राप्त संवाददाता समिति (पुनर्गठित) की पहली आम सभा की बैठक विधानसभा मीडिया सेंटर में संयोजक प्रभात कुमार त्रिपाठी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में महासचिव ज्ञानेश पाठक सहित समिति के सभी 17 निर्वाचित पदाधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में संगठन को मजबूत बनाने, पत्रकारों के हितों की रक्षा तथा समिति को नई दिशा देने पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में संयोजक प्रभात कुमार त्रिपाठी ने कहा कि समिति का गठन पत्रकारों के हितों की रक्षा और उनके सम्मान के उद्देश्य से किया गया है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से व्यक्तिगत मतभेदों से ऊपर उठकर संगठन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया। उनके नेतृत्व और मार्गदर्शन में सर्वसम्मति से कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में पहले से बर्खास्त किए जा चुके अध्यक्ष, तीन कार्यकारिणी सदस्यों और एक संयुक्त सचिव के स्थान पर नए अध्यक्ष के चयन की प्रक्रिया अपनाई गई। सभी 17 पदाधिकारियों की सहमति से पर्ची द्वारा मतदान कराया गया, जिसमें वरिष्ठ पत्रकार विक्रम राव को सर्वाधिक 11 मत प्राप्त हुए और उन्हें उत्तर प्रदेश मान्यता प्राप्त संवाददाता समिति (पुनर्गठित) का नया अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया। उपाध्यक्ष जितेंद्र कुमार सिंह को 5 तथा के.के. सिंह को 1 मत प्राप्त हुआ।
विक्रम राव के अध्यक्ष चुने जाने के बाद रिक्त हुए कोषाध्यक्ष पद पर सर्वसम्मति से रूपेंद्र उपाध्याय को नई जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं समिति के प्रवक्ता पद पर लक्ष्मीकांत तिवारी को मनोनीत किया गया।
संयोजक प्रभात कुमार त्रिपाठी ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष विक्रम राव को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में समिति और अधिक सशक्त होगी तथा सभी पदाधिकारी एकजुट होकर पत्रकारों के हितों की रक्षा के लिए सक्रिय भूमिका निभाएंगे। महासचिव ज्ञानेश पाठक ने भी कहा कि अब समिति पूरी मजबूती और समर्पण के साथ पत्रकारों के अधिकारों एवं कल्याण के लिए कार्य करेगी।
बैठक में उपाध्यक्ष अमन अग्रवाल, के.के. सिंह, जितेंद्र कुमार सिंह, संयुक्त सचिव राजू यादव, अर्चना गुप्ता, दीपक अवस्थी तथा कार्यकारिणी सदस्य सुरेंद्र कुमार दुबे, बलराम गुप्ता, शीतला प्रसाद, धनंजय सिंह, लक्ष्मीकांत तिवारी, सुभाष मिश्र, शियाराम यादव और विवेक शुक्ला उपस्थित रहे।
आम सभा के बाद नवनिर्वाचित अध्यक्ष विक्रम राव और समिति के पदाधिकारियों ने वरिष्ठ पत्रकार एवं संरक्षक विजय शंकर पंकज से भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके उपरांत समिति के प्रतिनिधिमंडल ने विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर संयोजक प्रभात कुमार त्रिपाठी ने विधानसभा अध्यक्ष से पूरी समिति को समय देकर मार्गदर्शन और आशीर्वाद देने का अनुरोध किया, जिस पर उन्होंने शीघ्र ही समिति को आमंत्रित करने का आश्वासन दिया।
