हमीरपुर/कुरारा। जिलाधिकारी डॉ. घनश्याम मीणा ने बुधवार को कुरारा थाना परिसर का औचक निरीक्षण करते हुए कहा कि आमजन को न्याय दिलाना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने हवालात, लेखाकार कक्ष, कंप्यूटर कक्ष, सीसीटीवी कैमरों की स्थिति, अपराध रजिस्टर, महिला हेल्पडेस्क तथा एससी/एसटी एक्ट से संबंधित मुकदमों की प्रगति की जानकारी ली। इसके साथ ही उन्होंने थाना परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था भी देखी।
जिलाधिकारी ने थाना स्टाफ को निर्देश दिए कि थाने पर आने वाले प्रत्येक पीड़ित की समस्या को गंभीरता से सुना जाए और उसका समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी को भी अनावश्यक परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ आमजन को न्याय दिलाना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
इस मौके पर थानाध्यक्ष राम आसरे सरोज सहित अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।
