हमीरपुर/सरीला। जिलाधिकारी घनश्याम मीना के निर्देशों के क्रम में अवैध खनन और ओवरलोड परिवहन पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। सरीला उपजिलाधिकारी बलराम गुप्ता एवं नायब तहसीलदार सरीला के नेतृत्व में की गई जांच के दौरान अवैध रूप से खनिज परिवहन करते हुए कुल पांच वाहनों को पकड़ा गया है।
जानकारी के अनुसार बीते सोमवार को नायब तहसीलदार सरीला द्वारा क्षेत्र भ्रमण के दौरान रात्रि में दो वाहन ओवरलोड अवस्था में खनिज परिवहन करते पाए गए। जांच में वाहन UP77 AT 8185 एवं UP77 AT 8708 नियमों का उल्लंघन करते हुए पाए गए, जिनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए वाहनों को मय मोरंग सहित थाना जरिया परिसर में सुपुर्द कर दिया गया।
इसके अलावा, उसी दिन रात्रि लगभग 11:50 बजे तीन अन्य ट्रक बिना मोरंग/बालू का वैध रॉयल्टी प्रपत्र प्रस्तुत किए परिवहन करते हुए पकड़े गए। इनमें वाहन संख्या UP76 K 9360, UP83 DT 1721 तथा UP83 DT 5002 शामिल हैं। इन सभी वाहनों को भी आवश्यक कार्रवाई हेतु थाना पुलिस की अभिरक्षा में सौंपा गया है।
प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध खनन व परिवहन में संलिप्त लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध खनन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा।
