जनपद के विभिन्न न्याय पंचायत में हुआ शिक्षा चौपाल ,अभिभावकों ने ली शिक्षा के प्रति जागरूकता की शपथ

जनपद के विभिन्न न्याय पंचायतों में शनिवार को शिक्षा चौपाल का आयोजन किया गया इसी क्रम में सिरौली गौसपुर विकास खण्ड अंतर्गत उच्च प्राथमिक विद्यालय मरकामऊ के प्रांगण में न्याय पंचायत स्तरीय शिक्षा चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नई शिक्षा नीति के लक्ष्यों को धरातल पर उतारना, अभिभावकों को बच्चों की शिक्षा के प्रति जागरूक करना तथा विद्यालय और समुदाय के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ग्राम प्रधान मरकामऊ श्रीमती रेखा गुप्ता एवं दिलीप तिवारी, ब्लॉक अध्यक्ष उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ सिरौलीगौसपुर द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि “शिक्षा चौपाल केवल एक बैठक नहीं, बल्कि गांव के हर बच्चे के उज्ज्वल भविष्य का संकल्प है। जब समुदाय विद्यालय से जुड़ता है, तभी विद्यालय ‘निपुण’ बनता है।”
शिक्षा चौपाल के दौरान न्याय पंचायत के विभिन्न विद्यालयों से चयनित मेधावी छात्र-छात्राओं सृष्टि, विशाल, अंजलि सहित अन्य विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित किया गया, जिससे बच्चों में उत्साह और आत्मविश्वास का संचार हुआ। साथ ही शिक्षकों द्वारा टीएलएम (शिक्षण-अधिगम सामग्री) से संबंधित प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसका अवलोकन उपस्थित अभिभावकों एवं अतिथियों ने किया।
नोडल शिक्षक संकुल अभिषेक तिवारी ने कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए बताया कि शिक्षा चौपाल के माध्यम से बेसिक शिक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाई जा रही है। शिक्षक नेता अभिषेक सिंह ने कहा कि ऐसे आयोजनों से अभिभावकों की सहभागिता बढ़ रही है, जिससे विद्यालयों में सकारात्मक शैक्षिक वातावरण विकसित हो रहा है।
कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों एवं अभिभावकों द्वारा बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने तथा शिक्षा के प्रति जागरूक रहने की शपथ ली गई।
इस अवसर पर राज नारायन तिवारी, अभिषेक सिंह, रवींद्र गुप्ता, श्यामजी (ए.आर.पी.), मो. आरिफ, अमित वर्मा, रीना आनंद सहित अनेक शिक्षक, अभिभावक एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
वहीँ न्याय पंचायत विरौली के कम्पोजिट विद्यालय महमूदाबाद में भी शिक्षा चौपाल का आयोजन सफलता पूर्वक संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों और अभिभावक को सम्मानित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *