राज्यपाल की प्रेरणा से पशुपालन पखवाड़े के अंतर्गत जन भवन स्थित गौशाला में राज्यपाल व जनभवन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने गायों को खिलाया रोटी एवं गुड़

लखनऊः प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल की प्रेरणा से पशुपालन पखवाड़े (23 जनवरी से 06 फरवरी 2026) के अंतर्गत आज जन भवन स्थित गौशाला में राज्यपाल जी व जनभवन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा गायों को रोटी एवं गुड़ खिलाया गया।
राज्यपाल जी द्वारा गौशाला का निरीक्षण करते हुए गौशाला परिसर में चारा स्थल, गायों के लिए लगाए गए गर्म पानी के गीजर तथा शीतकाल में की जा रही व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इसके साथ ही जन भवन गौशाला में संचालित निर्माण कार्यों का भी उन्होंने अवलोकन किया।
राज्यपाल जी ने गाय के बछड़ों के स्वतंत्र विचरण की व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने गायों के लिए निर्मित जल हौज का निरीक्षण करते हुए गौशाला परिसर को स्वच्छ एवं साफ-सुथरा बनाए रखने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को प्रदान किए तथा उपस्थित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पशुपालन पखवाड़े के अंतर्गत राज्यपाल जी ने जन भवन के समस्त अधिकारियों एवं  कर्मचारियों को नियमित रूप से गायों को रोटी एवं गुड़ खिलाने के निर्देश भी दिए।
उल्लेखनीय है कि जन भवन, उत्तर प्रदेश में पशुपालन पखवाड़े का आयोजन दिनांक 23 जनवरी 2026 से 06 फरवरी 2026 तक किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत पशुओं की सेवा तथा गौशाला में अवस्थित गायों की देखभाल एवं खान-पान में जन भवन के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारीगण सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *