कुरारा (हमीरपुर)। मकर संक्रांति के अवसर पर नगर उद्योग व्यापार मंडल कुरारा की ओर से बुधवार को दुर्गा पंडाल, मेन बाजार स्थल पर खिचड़ी वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व मंडल के संरक्षक छोटेलाल गुप्ता व अध्यक्ष अश्वनी कुमार द्विवेदी ने किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व जिला अध्यक्ष भाजपा हमीरपुर बृजकिशोर गुप्ता व ब्लॉक प्रमुख कुरारा आशीष पालीवाल रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा जिला सह मीडिया प्रभारी अभिनव तिवारी एवं भाजपा अनुसूचित मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष रामविलास श्रीवास उपस्थित रहे। अतिथियों ने नगर उद्योग व्यापार मंडल के बैनर तले लगाए गए खिचड़ी स्टॉल पर नगरवासियों व राहगीरों को श्रद्धा भाव से खिचड़ी परोसकर मकर संक्रांति की शुभकामनाएं दीं।
पूर्व जिला अध्यक्ष बृजकिशोर गुप्ता ने कहा कि मकर संक्रांति लोक आस्था और भगवान सूर्य की उपासना का पावन पर्व है। वहीं ब्लॉक प्रमुख आशीष पालीवाल ने कहा कि इस शुभ अवसर पर संगम स्नान और खिचड़ी दान से पुण्य लाभ की प्राप्ति होती है। अभिनव तिवारी ने मकर संक्रांति को सांस्कृतिक एकता का प्रतीक बताते हुए सभी के उत्तम स्वास्थ्य व खुशहाल जीवन की कामना की। रामविलास श्रीवास ने कहा कि सूर्यदेव का उत्तरायण होना जीवन में नई सफलताओं के द्वार खोलता है। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने स्वयं भी खिचड़ी का स्वाद चखा और नगर उद्योग व्यापार मंडल के इस सेवा कार्य की सराहना की। खिचड़ी वितरण में मंडल के पदाधिकारियों व सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
इस मौके पर रवि गुप्ता, अनूप शर्मा, बद्द्ल गुप्ता, सुलभ गुप्ता, शैलानी गुप्ता, लल्ला राकेश तिवारी, पंकज पालीवाल, पिंटू गुप्ता, महेंद्र सोनी, धीरज गुप्ता, नवीन, सुबोध, मयंक गुप्ता सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
उधर, शिक्षक हिमांशु दीक्षित ने अपने ग्राम रिठारी तिराहे पर भी मकर संक्रांति के अवसर पर राहगीरों को खिचड़ी वितरित की। इस दौरान दीप कुमार, संतोष दीक्षित, मृगेंद्र सिंह ‘सीपू’ सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।

