मऊ। नगरपालिका क्षेत्र के वार्ड नंबर आठ ताजोपुर की मुख्य सड़क पूरी तरह जर्जर होकर गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। वहीं, मोहल्ले के अंदर की अन्य गलियों का भी हाल बेहाल है। सड़कों पर भरे गंदे पानी और कीचड़ के बीच रोजाना लोगों को आवागमन करना पड़ रहा है। बारिश के दौरान कीचड़ की स्थिति और बिगड़ जाती है, जिससे स्कूली बच्चों और राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। वार्ड को जोड़ने वाली ठाकुर जी मार्ग समेत मिश्रपुरा जाने वाली कई गलियों की सड़कें बड़े-बड़े गड्ढों से भर गई हैं। स्थिति यह है कि आए दिन राहगीर और वाहन चालक फिसलकर चोटिल हो रहे हैं। ठाकुर जी मुख्य मार्ग पर स्थित कॉलेज आने-जाने वाले छात्रों के लिए भी यह सड़कें परेशानी का सबब बनी हुई हैं। स्थानीय लोगों भगत सिंह, अजय मिश्र, संजय कुमार, परशुराम सिंह, मनोज यादव और अंजनी कुमार ने बताया कि नगर पालिका व प्रशासनिक अधिकारियों को कई बार शिकायत पत्र देने के बावजूद अब तक सड़क मरम्मत का कार्य शुरू नहीं हो सका है। सड़कों की लगातार उपेक्षा से क्षेत्रवासियों में नाराजगी है। सभाासद विपिन कुमार ने बताया कि सड़कों के निर्माण व मरम्मत के लिए प्रस्ताव नगरपालिका को भेजा गया है। नए वित्तीय सत्र में सड़कों के सुधारीकरण व निर्माण कार्य कराए जाने की संभावना है। लोगों का कहना है कि जब तक मरम्मत कार्य शुरू नहीं होता, तब तक उन्हें इसी दुर्दशा के बीच चलकर अपनी दैनिक दिनचर्या पूरी करनी होगी।
