टीडी गर्ल्स इंटर कॉलेज ने जीता चल वैजयंती पुरस्कार, वन्य जीव संरक्षण पर्यावरण सप्ताह प्रतियोगिता में मारी बाजी
लखनऊ। वन्य जीव संरक्षण पर्यावरण सप्ताह के अवसर पर आयोजित छह दिवसीय प्रतियोगिता में टीडीएस इंटर कॉलेज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 22 पुरस्कार जीतकर चल वैजयंती पुरस्कार अपने नाम किया। प्रतियोगिता में बाल विद्या मंदिर ने 10 पुरस्कार जीतकर दूसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि लखनऊ पब्लिक स्कूल ने 8 पुरस्कार हासिल कर तीसरा स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सचिव, वन विभाग श्रीमती बी चंद्रकला (आईएएस) रहीं। उन्होंने पुरस्कार वितरण कर विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि “आज के बच्चे पर्यावरण संरक्षण और वन्य जीवों के संरक्षण के प्रति सजग और संवेदनशील हो रहे हैं, यही हमारे भविष्य की सबसे बड़ी आशा है।”
प्राणी उद्यान लखनऊ की निदेशक अदिति शर्मा ने विजेताओं का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर श्रेष्ठ अध्यापिका का पुरस्कार सर्वाधिक विजयी प्रतिभागियों की मार्गदर्शक श्रीमती लक्ष्मी सिंह को प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में अनेक विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी चित्रकला, वाद-विवाद, निबंध, प्रश्नोत्तरी एवं पोस्टर प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया। अंत में सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
