मधुबन तहसील आईजीआरएस निस्तारण में जनपद में प्रथम और प्रदेश में पाया 48 वां स्थान, एसडीएम ने दी जानकारी
मऊ ब्यूरो
मधुबन। एक बार पुनः अपनी उपलब्धि को बरकरार रखते हुए
सितंबर माह में आईजीआरएस निस्तारण में मधुबन तहसील ने जनपद में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।जबकि प्रदेश स्तर पर 48 वां स्थान हासिल किया। तहसील को 100 में से 95 अंक मिले हैं। जिससे तहसील प्रशासन में खुशी का माहौल है। पूर्व में शिकायतों के बोझ तले दबी रहने वाली मधुबन तहसील ने पुनः एक बार उल्लेखनीय सुधार किया। सितंबर में राजस्व और अन्य विभागों से लगभग कुल 92 शिकायतें प्राप्त हुई थीं। उपजिलाधिकारी राजेश अग्रवाल और नायब तहसीलदार गौरव प्रताप सिंह के मार्गदर्शन में सभी शिकायतों का गुणवत्तापरक निस्तारण किया गया। जिसके चलते महीने के अंत में लंबित शिकायतों की संख्या शून्य रही। एसडीएम राजेश अग्रवाल ने कहा कि यह उपलब्धि सभी तहसील कर्मचारियों और अधिकारियों की मेहनत और दूरदर्शिता का परिणाम है। समयबद्ध निस्तारण हमारी प्राथमिकता है और हम लगातार बेहतर करने का प्रयास कर रहे हैं। जनपद की अन्य तहसीलों में सितंबर माह में घोसी को 93 अंक के साथ प्रदेश में 71 वां, मऊ सदर को 74 अंक के साथ प्रदेश में 250 वां वही मुहम्मदाबाद गोहना को 84 अंक के साथ प्रदेश में 162 वां स्थान मिला।
