भारत पशुधन ऐप विषयक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया

ऐप के माध्यम से विभिन्न गतिविधियों के रियल टाइम आंकड़ें भी उपलब्ध होंगे

प्रशिक्षणार्थियों को भारत पशुधन ऐप पर अंकन सम्बन्धी महत्तवपूर्ण कार्य पर विशेष ध्यान दे

भारत पशुधन ऐप के एडमिन मॉडयूल, एनिमल ब्रीडिंग मॉडयूल, एनिमल हेल्थ माडयूल के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई
-श्री धर्मपाल सिंह
लखनऊ: 08 अक्टूबर, 2025
उत्तर प्रदेश के पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री श्री धर्मपाल सिंह की अध्यक्षता में आज यहां उ0प्र0 पशुधन विकास परिषद और पशुपालन विभाग द्वारा नेशनल डिजिटल लाइव स्टॉक मिशन अन्तर्गत विकसित किए गए भारत पशुधन ऐप के समुचित उपयोग विषयक एक दिवसीय व्यवहारिक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन राज्य ग्राम्य विकास संस्थान, बख्शी का तालाब, लखनऊ में किया गया।
इस अवसर पर पशुधन मंत्री श्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि भारत पशुधन ऐप पर पशु एवं पशुपालक पंजीकरण के साथ ही पशुओं के समस्त प्रजनन एवं स्वास्थ्य आकड़ों का डिजिटल अभिलेखन किया जा रहा है, जिनके ए0आई0 एवं मशीन लर्निंग के उपयोग द्वारा अध्ययन/विश्लेषण से समुचित योजना निर्माण/निर्धारण में सहायता मिलती है। उन्होंने कहा कि ऐप के माध्यम से पशुओं का चिन्हांकन भी होगा, जिससे उच्च क्षमता युक्त जर्म प्लाज्म वाले पशुओं की उपलब्धता के सम्बन्ध में जानकारी मिल सकेगी। साथ ही पशु रोग, टीकाकरण, कृत्रिम गर्भाधान आदि महत्वपूर्ण गतिविधियांे के सम्बन्ध में रियल टाइम आंकड़ें भी उपलब्ध होंगे। उन्होंने इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों को भारत पशुधन ऐप पर अंकन सम्बन्धी महत्तवपूर्ण कार्य पर विशेष ध्यान दिये जाने हेतु आह्वान किया।
कार्यक्रम में महानिदेशक पं0 दीनदयाल उपाध्याय राज्य ग्राम विकास संस्थान उ0प्र0 श्री एल वेंकटेश्वर लू ने पशुपालन के क्षेत्र में प्रगति हेतु सुदृढ़ डिजिटल डाटा बेस की महत्ता समझाते हुए ऐप पर आंकड़ों के समुचित अंकन सुनिश्चित करने हेतु पूर्ण मनोयोग से प्रशिक्षण प्राप्त करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में प्रमुख सचिव पशुधन श्री मुकेश कुमार मेश्राम, द्वारा सभी प्रशिक्षणार्थियों को भारत पशुधन एवं और डाटाबेस के महत्व के सम्बन्ध में अवगत कराते हुए ऐप पर सम्बन्धित आंकड़ों का अधिक से अधिक अंकन करने और कराने हेतु प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम में एन.डी.एल.एम. ग्रुप, एन.डी.डी.बी. से आये प्रशिक्षक श्री नवीन सिंह एवं डॉ0 जिगर रावल द्वारा भारत पशुधन ऐप के एडमिन मॉडयूल, एनिमल ब्रीडिंग मॉडयूल, एनिमल हेल्थ माडयूल के बारे में विस्तार से अवगत कराया गया। कार्यक्रम में श्री देवेन्द्र पाण्डेय, विशेष सचिव पशुधन ने भी प्रशिक्षणार्थियों को डिजिटल अभिलेखन के बारे में विस्तार से बताया।
विभाग के निदेशक, प्रशासन एवं विकास, डॉ0 योगेन्द्र सिंह पवार तथा मुख्य कार्यकारी, उ0प्र0 पशुधन विकास परिषद डॉ0 प्रमोद कुमार सिंह द्वारा प्रशिक्षण कार्यक्रम में उपस्थित समस्त प्रतिभागियों से भारत पशुधन ऐप पर सूचनाएं समयबद्ध रूप से अंकित करने की अपेक्षा की गई। प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रदेश के समस्त जनपदों से नामित नोडल अधिकारियों, कम्प्यूटर ऑपरेटर्स, पशुचिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय, मिल्क प्रोडयूसर कम्पनियों, एन.जी.ओ. आदि के प्रतिनिधियों द्वारा प्रतिभाग किया गया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ0 वीनू पाण्डे, उपनिदेशक परिषद द्वारा किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *