कहते हैं तारे गाते हैं
सन्नाटा वसुधा पर छाया
नभ में हमने कान लगाया
फिर भी अगणित कंठों का यह,
राग नहीं हम सुन पाते हैं ,
कहते हैं तारे गाते हैं !
स्वर्ग सुना करता यह गाना
पृथ्वी ने तो बस यह जाना,
अगणित ओस कणों में,
तारों के नीरव आँसू आते हैं
कहते हैं तारे गाते हैं !
ऊपर देव, तले मानव गण
नभ में दोनों गायन-रोदन ,
राग सदा ऊपर को उठता
आँसू नीचे झर जाते हैं
कहते हैं तारे गाते हैं !
प्रसिद्ध कवि डॉ हरिवंश राय बच्चन !
( संकलित )
* रामकुमार दीक्षित , पत्रकार !
