निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए जा रहे गहन पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत विधानसभा राठ क्षेत्र में मतदाता सूची अद्यतन कार्य जारी है। तहसील सरीला के 149 बूथों में से 141 बूथों पर बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा गणना पत्रक का वितरण किया जा चुका है।
सहायक निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं तहसीलदार राम मोहन कुशवाहा ने स्वयं बूथ संख्या 93 के बीएलओ कपिल कुमार तथा बूथ संख्या 68 के बीएलओ सुशील कुमार के साथ क्षेत्र में जाकर गणना पत्रक वितरण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि कुल 1,37,003 मतदाताओं के सापेक्ष अब तक 73,780 से अधिक गणना पत्रक मतदाताओं तक पहुँचाए जा चुके हैं। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम 27 अक्टूबर 2025 को जारी किया गया था, जिसके अंतर्गत यह अभियान 4 नवंबर से 4 दिसंबर 2025 तक चलाया जाएगा। इस अवधि में बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना प्रपत्र उपलब्ध कराएंगे और उनसे भरे हुए प्रपत्र एकत्र करेंगे। गणना पत्रक में मतदाता को जन्मतिथि, आधार संख्या, मोबाइल नंबर, पिता/माता या पति-पत्नी का नाम व एपिक संख्या जैसे विवरण भरने होंगे। इस प्रक्रिया में मतदाताओं से किसी भी प्रकार का दस्तावेज नहीं लिया जाएगा।
तहसीलदार कुशवाहा ने बताया कि गृह भ्रमण के दौरान मृत, स्थानांतरित, अनुपस्थित और डुप्लीकेट मतदाताओं की पहचान भी की जाएगी। जिन मतदाताओं ने ऑनलाइन गणना पत्रक भरा है, उनका सत्यापन बीएलओ द्वारा घर जाकर किया जाएगा।
इस बीच, 9 बीएलओ — बेंदा डांडा के मिथुन भारती, भेड़ी डांडा के राजेश कुमार, गजेन्द्र कुपरा के उपेन्द्र कुमार, बंगरा के करीम, सरीला के शीलेंद्र कुमार, पुरैनी के सुखदेव, उपरहका के महेन्द्र कुमार तथा वीरा के आशीष कुमार द्वारा गणना पत्रक वितरण कार्य नहीं किए जाने पर संबंधित खंड शिक्षा अधिकारियों सरीला व गोहांड को कार्रवाई हेतु पत्र भेजा गया है। निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा न करने पर इन बीएलओ के विरुद्ध निर्वाचन संबंधी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
