रविवार को नगर सरीला के लक्ष्मी वाटिका पैलेस में उत्तर प्रदेश पॉवर कॉरपोरेशन निविदा संविदा कर्मचारी संघ की जिलास्तरीय बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में कार्यक्रम की अध्यक्षता विष्णु कुमार द्विवेदी व संचालन खण्डिय अध्यक्ष शाकिर मंसूरीने किया। मुख्य अतिथि प्रदेश संगठन मंत्री रणबहादुर सिंह यादव रहे। संविदा कर्मचारियों की बड़े पैमाने पर की जा रही छंटनी को लेकर प्रदेश संगठन मंत्री ने कड़ा विरोध जताया। उन्होंने ऊर्जा प्रबंधन को संविदा कर्मियों की लगातार हो रही दुर्घटनाओं के लिए जिम्मेदार ठहराया और कहा कि सरकार की रोजगार नीतियों का खुला उल्लंघन किया जा रहा है। वर्षों से सेवा दे रहे संविदा कर्मियों को एक झटके में बाहर का रास्ता दिखा दिया गया, जो अत्यंत निंदनीय है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि यह निर्णय वापस नहीं लिया गया, तो संगठन प्रदेशव्यापी आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेगा।
इसी क्रम में राठ खंडीय कमेटी का भी विस्तार किया गया, जिसमें चंद्रपाल को उपखंडीय मंत्री, चरन सिंह को उपाध्यक्ष, अखिलेश द्विवेदी को संयुक्त मंत्री, राजबहादुर को संगठन मंत्री मनोनीत किया गया। नव नियुक्त पदाधिकारियों का खंडीय अध्यक्ष शाकिर मंसूरी ने माल्यार्पण कर स्वागत एवं बधाई दी।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे विष्णु द्विवेदी ने कहा कि संगठन के माध्यम से ही समस्याओं का समाधान संभव है। शाकिर मंसूरी ने संविदा कर्मियों की समस्याओं के निस्तारण पर जोर दिया। इस मौके पर दिनेश कुमार, मंगल सिंह, बलवान सिंह, रामप्रकाश, नरेश कुमार, मनोज कुमार, हुकुम सिंह, ब्रजभूषण, गंगाप्रसाद, धर्मेन्द्र सिंह, खूबचंद राजपूत, कल्लू यादव लाइनमैन आदि उपस्थित रहे।
