अटल जन्म शताब्दी समारोह में उमड़ा जनसैलाब

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने किया दीप प्रज्वलन, रवींद्रालय में गूँजा देशभक्ति का उत्सव

लखनऊ। संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार के सहयोग से आनन्द कुमार द्विवेदी वेलफेयर सोसायटी द्वारा रवींद्रालय, चारबाग में भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म शताब्दी के उपलक्ष्य में भव्य समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भारी जनसैलाब उमड़ा और पूरा सभागार तालियों से गूंज उठा।

मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री श्री ब्रजेश पाठक एवं विशिष्ट अतिथि लखनऊ भाजपा महानगर अध्यक्ष ने दीप प्रज्वलित कर संगीतमय सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

संस्था के प्रबंधक ने अटल जी के जीवन, शिक्षा, नेतृत्व, कूटनीति और साहित्यिक योगदान पर प्रकाश डालते हुए बताया कि 25 दिसंबर 1924 को जन्मे वाजपेयी जी तीन बार देश के प्रधानमंत्री बने और उन्होंने भारत की अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा को नई ऊँचाइयाँ प्रदान कीं।

मुख्य अतिथि ने कहा कि अटल जी का जीवन, विचार और नेतृत्व आज भी युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। कार्यक्रम में अमित दीक्षित एवं टीम की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया और अटल जी की राष्ट्रभक्ति को सुंदर रूप से प्रदर्शित किया।

समारोह भारतीय संस्कृति, श्रद्धा और देशभक्ति के रंगों से सराबोर रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *