भारत पर्व 2025 में उत्तर प्रदेश पर्यटन की दमदार झलक, उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने यूपी पवेलियन का किया भ्रमण’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में गुजरात के केवड़िया स्थित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी परिसर में भारत पर्व 2025 का आयोजन किया जा रहा है। बुधवार को यहां ‘उत्तर प्रदेश दिवस’ मनाया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति रही। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के साथ पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह व जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह की गरिमामय उपस्थिति रही। भारत पर्व में ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ को समर्पित एवं श्देखो अपना देशश् पहल के अंतर्गत उत्तर प्रदेश की विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुतियां हुई।
मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि भारत पर्व केवल संस्कृति का उत्सव नहीं, बल्कि यह एकता, गौरव और पहचान का प्रतीक है। कलाकारों के लिए यह अवसर देश के सामने अपनी प्रतिभा प्रस्तुत करने का एक गौरवपूर्ण मंच है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश घरेलू पर्यटन में अव्वल है। वर्ष 2025 की पहली छमाही (जनवरी से जून) तक प्रदेश में एक अरब से अधिक पर्यटकों का आगमन हुआ, जो अभूतपूर्व वृद्धि को दर्शाता है। यह राज्य सरकार की योजनाओं और उ0प्र0 पर्यटन विभाग के साहसिक प्रयास का प्रतिफल है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने राज्य मंत्रिमंडल के अन्य सदस्यों के साथ लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की विशाल मूर्ति पर पुष्पांजलि अर्पित की। तत्पश्चात, स्टैच्यू ऑफ यूनिटी परिसर का भ्रमण किया और आयोजन स्थल पर पहुंचे।
सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर गुजरात के केवड़िया में 01 से 15 नवंबर तक आयोजित ‘भारत पर्व 2025’ में उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग अपनी प्रभावशाली उपस्थिति से देशभर का ध्यान आकर्षित कर रहा है। भारत पर्व में आगंतुकों को उत्तर प्रदेश की समृद्ध संस्कृति, लोक-कला, संगीत, कन्नौज के इत्र की सुगंध और पारंपरिक व्यंजनों का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। उत्तर प्रदेश पर्यटन के स्टॉल पर राज्य के विभिन्न गंतव्यों की सचित्र जानकारी उपलब्ध है। वहीं, हस्तशिल्प स्टॉल, फूड स्टॉल, कठपुतली शो, स्टूडियो किचेन और थीम पेविलियन ने दर्शकों को विशेष आकर्षित किया।
शाम ढलते ही स्टैच्यू ऑफ यूनिटी परिसर का मुख्य मंच उत्तर प्रदेश के कलाकारों की प्रस्तुतियों से जगमगा उठा। भारत पर्व 2025 में उत्तर प्रदेश की ओर से पहुंचे 12 विशिष्ट विधाओं के 72 प्रतिभाशाली कलाकारों ने पारंपरिक और शास्त्रीय कलाओं की अनूठी झलक प्रस्तुत की। दल ने शहनाई की धुनों, शंख की गूंज, डमरू की ध्वनि, कथक की मनमोहक संरचनाओं तथा मयूर व राइ जैसे रंगारंग लोक नृत्य के माध्यम से उपस्थित जनों को प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत से रूबरू कराया।
उत्तर प्रदेश पर्यटन का पवेलियन बुधवार बेहद खास रहा। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने राज्य के स्टॉल का भ्रमण किया। अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू और मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड संगमा भी यूपी टूरिज्म पवेलियन पहुंचे, जहां पूर्वाेत्तर के दोनों मुख्यमंत्रियों का सम्मान किया गया। गुजरात के उप मुख्यमंत्री हर्ष संघवी भी आयोजन का हिस्सा बने। विभिन्न राज्यों के नेताओं ने यूपी पर्यटन के पवेलियन की सराहना की।
उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि श्भारत पर्व 2025 में उत्तर प्रदेश पर्यटन अपनी संस्कृति, खान-पान, नृत्य और आध्यात्मिकता को प्रदर्शित कर रहा है। विभाग का आकर्षक स्टॉल प्रदेश के विविध पर्यटन गंतव्यों की झलक प्रस्तुत कर रहा है। अयोध्या के श्रीराम मंदिर, वाराणसी के श्री काशी विश्वनाथ धाम की भव्यता, मथुरा के श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर, बौद्ध सर्किट, स्पिरिचुअल ट्रायंगल, दीपोत्सव, देव दीपावली, रंगोत्सव आदि को दर्शकों के समक्ष प्रदर्शित किया गया है। साथ ही, ईको टूरिज्म स्थलों और ग्रामीण पर्यटन से संबंधित जानकारी भी आगंतुकों को दी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *